धरा चेतना फाउंडेशन-2 के अनुपम बाग स्थित भव्य संस्कृति सभागार में आयोजित होंगे रंगारंग विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। अंतरराष्ट्रीय रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान अयोध्या,संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश एवं प्रताप पब्लिक स्कूल आगरा के संयुक्त तत्वावधान में नारी शक्ति वंदन के अंतर्गत सीता तत्व परिसंवाद एवं रामायण शक्ति तत्व उत्सव का आयोजन 20 अप्रैल को डीईआई गेट नंबर-7 के सामने अनुपम बाग स्थित धरा चेतना फाउंडेशन-2 के भव्य सांस्कृतिक सभागार में होगा। कार्यक्रम संयोजक दीपाली सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इसके अंतर्गत कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें 'रामायण नारी शक्ति संभाषण प्रतियोगिता', 'रामायण शक्ति तत्व उत्सव', 'रामायण नारी शक्ति परिसंवाद' का आयोजन शामिल रहेगा।
दीपाली सिंह ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह द्वारा इस कार्यक्रम को जन जन तक पहुंचाने का जो संकल्प लेकर यह यज्ञ शुरू किया गया है, उसी में हमारी संस्था अपनी भी एक आहुति सहयोग के द्वारा देने जा रही है। इसके साथ ही वरिष्ठ आईएएस अमृत अभिजात, अपर मुख्य सचिव, संस्कृति एवं पर्यटन उत्तर प्रदेश के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित हो रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में आगरा में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। आगरा में आयोजित इस कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथिओं में आईएएस जैनेंद्र कुमार, संजय कुमार सिंह विशेष सचिव संस्कृति, अध्यक्ष, आईआरवीवीआई के आने की संभावना है।
इनके अलावा शारदा यूनिवर्सिटी,आगरा के कुलपति प्रो.परमानंद मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे।"श्रीमती सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम में आयोजित सीता तत्व परिसंवाद में बतौर पैनलिस्ट शेखर दीक्षित, डॉ. नवीन गुप्ता, श्रुति सिन्हा, राशि गर्ग शामिल होंगे। रामायण शक्ति तत्व उत्सव में गंधर्व कलाकारों के दल द्वारा संगीतमय प्रस्तुतियां दी जायेंगी।
प्रताप पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य यतेंद्र सोलंकी ने बताया कि कार्यक्रम में खासतौर से प्रताप पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा रामायण के स्त्री पात्रों पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में अपने विचार व्यक्त करेंगे। स्कूली बच्चों और युवाओं को जोड़ने का उद्देश्य उनको सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है, ताकि उनको शिक्षित के साथ-साथ संस्कारवान भी बनाया जा सके। कार्यक्रम की पूर्व संध्या में इससे संबंधित पोस्टर का विमोचन आयोजकों द्वारा किया गया। जिसमें अक्षय प्रताप सिंह, गति सिंह और मीडिया समन्वयक डॉ.महेश धाकड़ भी शामिल रहे।

