हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। प्राथमिक विद्यालय नगलापदी में वार्षिकोत्सव एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
इस अवसर पर इंचार्ज प्रधानाध्यापिका ऊषा सेंगर द्वारा कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को राइटिंग बोर्ड, पेंसिल बॉक्स, किताबें व कॉपियां उपहार स्वरूप प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं एडवोकेट सुनील बघेल द्वारा लिखित पुस्तक ‘संविधान सबके हाथ में’ समस्त स्टाफ को भेंट कर उन्हें सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कंपोजिट विद्यालय न्यू आगरा की प्रधानाध्यापिका प्रीति सक्सेना सहित दीपा दीवान, इंदिरा सोनी, रीना, नीरू पचौरी एवं अरविंद समीर ने काव्य पाठ प्रस्तुत किया। उनके काव्य के माध्यम से अच्छी पुस्तकों, गुरुजनों एवं अभिभावकों के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
इस मौके पर बी.एड. प्रशिक्षु, सरीन ट्रस्ट से जुड़ी सोनी एवं अलीशा, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष तथा अनेक अभिभावक भी उपस्थित रहे। विद्यालय में कार्यरत रसोइयों को भी उपहार देकर उनके योगदान की सराहना की गई। साथ ही नवप्रवेशित विद्यार्थियों का माल्यार्पण, तालियों की गूंज और पुस्तकों के साथ उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के अंत में ऊषा सेंगर द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।



