इस्कॉन आगरा और द आगरा जैमिंग क्लब का अनूठा प्रयास, 5 अप्रैल को होगा शहर का पहला भजन कॉन्सर्ट
हिन्दुस्तान वार्ता । ब्यूरो
आगरा। जब मन भटके,तो भक्ति को थामो क्योंकि कृष्ण नाम ही जीवन का असली विश्राम है... इस संदेश के साथ द आगरा जैमिंग क्लब एवं इस्कॉन आगरा के संयुक्त तत्वावधान में डिवोशन बियोंड बाउंड्रीज कार्यक्रम के अंतर्गत 5 अप्रैल को आगरा में पहली बार भव्य भजन कॉन्सर्ट अनहद का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन के आमंत्रण पत्र का विमोचन रश्मि नगर,कमला नगर स्थित इस्कॉन मंदिर में श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया।
इस्कॉन मंदिर के एपी अरविंद स्वरूप दास ने जानकारी देते हुए बताया कि यह भजन कॉन्सर्ट 5 अप्रैल को आरबीएस सभागार,खंदारी में शाम 6 बजे से प्रारंभ होगा। इस विशेष अवसर पर केन्या (अफ्रीका) से पधारीं प्रसिद्ध भक्ति गायिका हरिकांता देवी दासी अपनी मधुर कृष्ण धुनों एवं भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगी।
कार्यक्रम की संयोजक अशु मित्तल ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को भारतीय संस्कृति, संस्कार और भक्ति से जोड़ना है। आज के दौर में जहां युवा वर्ग तनाव, भ्रम और भटकाव का सामना कर रहा है, वहीं यह भजन कॉन्सर्ट उन्हें आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक दिशा प्रदान करेगा।
हरिकांता देवी दासी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में विश्वभर में अशांति और तनाव का वातावरण है, जिससे युवा मानसिक दबाव और अवसाद का शिकार हो रहे हैं। ऐसे समय में भक्ति ही एक ऐसा माध्यम है, जो मन को स्थिरता और जीवन को सार्थकता प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि मनुष्य का वास्तविक निवास वृंदावन धाम है, और जो इस सत्य को शीघ्र समझ लेता है,वह आत्मा की शुद्धि और परम शांति की ओर अग्रसर हो जाता है।
उन्होंने यह भी बताया कि उनका परिवार पीढ़ियों से श्रीकृष्ण भक्ति से जुड़ा रहा है और वे स्वयं वर्ष में दो बार भारत आकर मायापुर (पश्चिम बंगाल) एवं उड़ीसा के श्री जगन्नाथ मंदिर से आध्यात्मिक संबंध बनाए रखती हैं।
आयोजन की व्यवस्था देख रहीं रिया अग्रवाल ने बताया कि इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं,ताकि वे भक्ति के माध्यम से अपने जीवन को नई दिशा दे सकें। आमंत्रण पत्र विमोचन के अवसर पर अदिति गौरांगी देवी दासी,नलिनी गोपिका दास, श्रीरिशा निम्माकायला आदि उपस्थित रहे।

