श्री हनुमान जन्मोत्सव : अंजनी धाम महोत्सव समिति ने निकाली शोभायात्रा


हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा : श्री हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर शहर में आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। विभिन्न स्थानों पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। इसी क्रम में मां अंजनी धाम महोत्सव समिति ने फुलट्टी चौक स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर से भव्य शोभायाता निकाली गई। इसमें हजारों श्रद्धालु जयश्रीराम के जयघोष संग शामिल हुए। बैंडबाजों और 40 झांकियों के साथ निकाली गई। यात्रा का मुख्य आकर्षण उज्जैन के राजा महाकाल की पालकी और 651 किलोग्राम फलों से सजा हनुमानजी का भव्य डोला रहा, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।

यात्रा में अघोरी महाकाल के कलाकारों और हरियाणा की महाकाली अखाड़े की प्रस्तुति ने सभी को भावविभोर कर दिया। इस्कान के राक बैंड ने हरे कृष्णा-हरे राम संकीर्तन की प्रस्तुति दी, जिस पर श्रद्धालु झूम उठे। श्रीराम दरबार, मां काली, महाकाल, खाटूश्याम, कैला देवी और नंदी बाबा के स्वरूप विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। शोभायात्रा का शुभारंभ भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, बीना लवानिया, श्याम भदौरिया, अलौकिक उपाध्याय आदि ने किया। कार्यक्रम अध्यक्ष एडवोकेट संजीव अग्रवाल ने बताया कि शोभायात्रा फुलट्टी चौक से आरंभ होकर सिंधी बाजार, फव्वारा, रावतपाड़ा, दरेसी, बेलनगंज होते हुए पुनः अंजनी धाम पहुंची, जहां महाआरती के साथ समापन हुआ। महामंत्री ऋषि मित्तल, पार्षद अनुज शर्मा, संयोजक राम टंडन, राकेश भटनागर, विजय कपूर, अपूर्व शर्मा, रविंद्र शर्मा मौजूद रहे।

संस्थापक कमल शर्मा पप्पू व संयोजक प्रवीन कुमार ने बताया कि गुरुवार को सिटी स्टेशन स्थित हनुमान मंदिर पर भव्य श्रृंगार, सुंदरकांड पाठ, हवन और भजन संध्या का आयोजन होगा। शाम को फुलट्टी चौक स्थित मां भगवती मंदिर पर हनुमंत लाल का अभिषेक किया जाएगा। चार अप्रैल को अंजनी धाम में 1100 दीपों से महाआरती के साथ महोत्सव का समापन होगा।

रिपोर्ट :  असलम सलीमी