हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। सीताराम मंदिर,वजीरपुरा में मां पीतांबरा देवी प्राकट्य दिवस एवं पंचम वार्षिक उत्सव के अंतर्गत आयोजित मेहंदी समारोह और माता की चौकी ने भक्ति, उल्लास और श्रद्धा का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में महिलाओं ने मेहंदी रचाकर मंगल गीत गाए,वहीं भजनों की मधुर स्वर लहरियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक विधि-विधान के साथ हुआ। महिलाओं ने एक-दूसरे को मेहंदी लगाकर उत्सव की खुशियां साझा कीं। इसके बाद सजी भव्य माता की चौकी में मां पीतांबरा की आकर्षक झांकी सजाई गई, जिसके समक्ष श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर नमन किया।
माता की चौकी में “जय मां पीतांबरा, जय मां बगलामुखी”, “तेरी जय हो मां जगदंबे” जैसे भजनों की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजन गायक मंडली के राजेंद्र, आशु बेदी, विमलेश यादव और सोनम यादव ने भक्तिरस से सराबोर प्रस्तुतियां देकर देर रात तक श्रद्धालुओं को भक्ति में लीन रखा।
मंदिर के महंत पं. श्री अनंत उपाध्याय ने विधिवत आरती कर भक्तों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने बताया कि मां पीतांबरा की आराधना से साधक के जीवन से नकारात्मक शक्तियां दूर होती हैं और उसे शक्ति, साहस एवं सफलता का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
उन्होंने जानकारी दी कि वैशाख शुक्ल पक्ष अष्टमी को मां का प्राकट्य हुआ था और इसी उपलक्ष्य में यह उत्सव मनाया जा रहा है। शुक्रवार को मुख्य आयोजन के तहत प्रातः अभिषेक, श्रृंगार, नवकुंडीय महायज्ञ, कन्या पूजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
श्रीकृष्ण लीला समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि नवकुंडीय हवन में 11 हजार मंत्रों से आहुतियां दी जाएंगी। इसके साथ ही बैंड-बाजे के साथ मां का श्रृंगार और संध्या आरती भी की जाएगी।
कार्यक्रम में सरिता सिंह, सुषमा अग्रवाल,लता उपाध्याय, वंदना उपाध्याय, नीतू शर्मा, प्रियंका मिठास, शिवालिका अग्रवाल, निशि नेहरू, दीपक अग्रवाल, डॉ. संजीव नेहरू, संजय चौहान, लक्ष्मण शर्मा, सचिन सारस्वत, मुकेश पंडित, पंकज शास्त्री, मनोज तिवारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

