24 साल बाद सजी दोस्ती की महफ़िल : होली पब्लिक स्कूल में 2002 बैच का प्री एलुमनाई मिलन



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। समय भले ही आगे बढ़ जाता है,लेकिन स्कूल के दिन और सच्ची दोस्ती की यादें कभी पुरानी नहीं होतीं। इसी भाव को साकार करते हुए'होली पब्लिक स्कूल'सिकंदरा में वर्ष 2002 बैच के पूर्व छात्रों का प्री एलुमनाई मिलन समारोह आत्मीय और उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। करीब 24 वर्षों बाद एक साथ जुटे साथियों ने पुरानी यादों को ताजा करने के साथ अपने जीवन के अनुभव भी साझा किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और केक कटिंग से हुआ। इसके बाद पूरे परिसर में हंसी, उल्लास और भावनाओं का अनोखा संगम देखने को मिला। महाराष्ट्र, कर्नाटक, एनसीआर और आगरा सहित देश के विभिन्न हिस्सों से 80 से अधिक पूर्व छात्र इस अवसर पर शामिल हुए। वर्षों बाद मिलते ही साथियों ने एक-दूसरे को गले लगाकर स्कूल के दिनों की शरारतें, क्लासरूम की बातें और खेल के मैदान की यादें फिर से जीवंत कर दीं।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘मेमोरी लेन’ सेगमेंट रहा, जिसमें पूर्व छात्रों ने अपने-अपने स्कूल जीवन के रोचक अनुभव साझा किए। किसी ने पहली बेंच की पढ़ाई को याद किया तो किसी ने आखिरी बेंच की मस्ती के किस्से सुनाए। कई प्रतिभागियों ने पुराने रिपोर्ट कार्ड, ग्रुप फोटो और स्कूल डायरी भी साझा की,जिससे माहौल भावुक हो उठा।

गुरु वंदन की परंपरा निभाते हुए स्कूल के निदेशक संजय तोमर एवं पूर्व शिक्षकों-अनुराधा, नसरीन, रितु बिंद्रा, हर्षा, मयंक, संजय, हरीश, गरिमा और अरुण का सम्मान किया गया। 

इस अवसर पर पूर्व छात्रों ने शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी दी हुई शिक्षा, अनुशासन और संस्कार ही आज उनकी सफलता की आधारशिला हैं। शिक्षकों ने भी अपने विद्यार्थियों को इस मुकाम पर देखकर गर्व जताया।

कार्यक्रम के दौरान रील और वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से वार्षिक समारोह, खेल प्रतियोगिताओं, पिकनिक और विदाई के पलों की झलकियां दिखाई गईं, जिन्हें देखकर कई साथी भावुक हो उठे।

समारोह की संयोजक एवं राइफल शूटिंग की विश्व विजेता हिना बिज ने बताया कि वर्ष 2027 में बैच के 25 वर्ष पूर्ण होंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए यह प्री एलुमनाई मीट आयोजित की गई, ताकि सभी साथी एक बार फिर जुड़ सकें और आगामी सिल्वर जुबली समारोह की रूपरेखा तैयार की जा सके।

मनोरंजक गतिविधियों के तहत म्यूजिकल गेम्स, क्विज़ और ग्रुप एक्टिविटीज़ भी आयोजित की गईं, जिनमें सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पुराने गानों पर थिरकते कदम और साझा हंसी ने इस मिलन को यादगार बना दिया।कार्यक्रम की व्यवस्थाएं सुमित तलवार, राहुल सिंघल, सौरभ लश्करी, सौरभ गोयल एवं प्रवीण राजपूत ने संभाली।