सीताराम मंदिर,वजीरपुरा में भव्यता के साथ आयोजित हुआ मां पीतांबरा देवी प्राकट्य दिवस एवं पंचम वार्षिक उत्सव
नव कुंडीय हवन मे दी गई 11000 मंत्रों से आहुति बैंड बाजे के साथ हुई तीन पहर की आरती, हजारों भक्तों ने ग्रहण की प्रसादी
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। मां पीतांबरा देवी प्राकट्य दिवस एवं पंचम वार्षिक उत्सव के अंतर्गत सीताराम मंदिर,वजीरपुरा में आयोजित नवकुंडीय महायज्ञ ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा और दिव्यता से भर दिया। वैदिक ऋचाओं और मंत्रोच्चार के बीच दी गई आहुतियों से ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो सम्पूर्ण वातावरण देवी शक्ति के तेज से आलोकित हो उठा हो।
महंत अनंत उपाध्याय द्वारा प्रातःकाल मां पीतांबरा का पंचामृत से अभिषेक, विधिवत पूजन एवं आकर्षक श्रृंगार किया गया। इसके पश्चात यज्ञ मंडप में महंत अनंत उपाध्याय और पंडित मुकेश शर्मा के निर्देशन में नवकुंडीय हवन प्रारंभ हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने एक साथ बैठकर आहुति अर्पित की। सरसों का तेल, घी, हवन सामग्री और सुगंधित जड़ी-बूटियों की आहुतियों से उठती दिव्य सुगंध ने वातावरण को पवित्र और ऊर्जा से परिपूर्ण कर दिया।
महंत अनंत उपाध्याय ने यज्ञ की महत्ता बताते हुए कहा कि हवन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि वातावरण की शुद्धि, सकारात्मक ऊर्जा के संचार और मानसिक शांति का एक प्रभावी माध्यम है। यज्ञ की प्रत्येक आहुति के साथ साधक अपने भीतर की नकारात्मकता का त्याग कर दिव्यता की ओर अग्रसर होता है।
हवन के दौरान “स्वाहा” के साथ गूंजते मंत्रों ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति से भर दिया। मान्यता है कि यज्ञ में दी गई आहुति सीधे देवताओं तक पहुंचती है और समस्त जनकल्याण की कामना को साकार करती है।
हवन की पूर्ण आहुति के उपरांत भव्य आरती हुई जिसे श्याम मुरारी शर्मा, पुरुषोत्तम अग्रवाल, दीनदयाल अग्रवाल, महंत अनंत उपाध्याय, महेश शर्मा एवं मनीष अग्रवाल द्वारा सामूहिक रूप से संपन्न किया गया। आरती के दौरान बैंड बाजों की मधुर धुनों और मां के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
उत्सव के अंतर्गत तीन पहर की आरती विशेष आकर्षण रही, जिसमें सुबह, दोपहर और रात्रि में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सायंकाल कन्या पूजन के साथ बालिकाओं का सम्मान किया गया और उन्हें प्रसाद एवं उपहार प्रदान किए गए।इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इस अवसर पर व्यवस्था पंकज शास्त्री,अरुण उपाध्याय, आयुष उपाध्याय, हनी ने संभाली। डॉ हरेंद्र गुप्ता, विजय, अमित पारीक, राजेंद्र गुप्ता, दीपक गुप्ता, शिप्रा गुप्ता, प्रशांत रस्तोगी, अशोक गोयल, दीपक अग्रवाल, डॉ. संजीव नेहरू, संजय चौहान, लक्ष्मण शर्मा, सूरज तिवारी,मनोज तिवारी, विक्रम सिंह, राजकुमार, कृष्णा मिठास, विनोद अग्रवाल, अरुण, सुरेंद्र शर्मा, आरपी तिवारी, राजपाल मिश्रा, सुनील पचौरी, अमरनाथ शर्मा, हेमंत दुबे, मोहित, सरिता सिंह, सुषमा अग्रवाल, लता उपाध्याय, वंदना उपाध्याय, नीतू शर्मा, लता अग्रवाल, प्रियंका मिठास, शिवालिका अग्रवाल, निशि नेहरू, प्रीति अग्रवाल, सोनिया अग्रवाल, दीप्ति अग्रवाल आदि उपस्थित रहीं।


