व्यापार और प्रोफेशन का महा संगम : आईसीएसआई मंच पर उद्योग जगत और सीएस प्रोफेशनल्स का मंथन

राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन जी चंदक की मौजूदगी में गहन चर्चा, उद्योग और प्रोफेशन के तालमेल से विकास के नए आयामों पर सहमति

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। भारतीय कंपनी सचिव संस्थान (आईसीएसआई) की आगरा शाखा द्वारा शुक्रवार को फतेहाबाद रोड स्थित होटल जेपी पैलेस में ‘कॉन्फ्लुएन्स ऑफ बिज़नेस एंड प्रोफेशन (व्यापारी और पेशेवरों का संगम)’ विषय पर भव्य सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में व्यापारियों, उद्योगपतियों और सीएस प्रोफेशनल्स के बीच समन्वय, कानूनी जागरूकता और औद्योगिक विकास के नए अवसरों पर व्यापक मंथन हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ आगरा शाखा के अध्यक्ष सी एस अनुज अशोक अग्रवाल ने माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने सभी अतिथियों और सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि कंपनी सेक्रेटरी का प्रोफेशन एक सम्मानजनक और सुनहरा भविष्य प्रदान करता है तथा भारत सरकार द्वारा कंपनी कानून में प्रस्तावित बदलाव व्यापारियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होंगे।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि भारतीय कंपनी सचिव संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन जी चंदक ने सदस्यों एवं छात्रों के साथ संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया और संस्थान से जुड़े विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित पहले पैनल डिस्कशन में शहर के प्रमुख उद्योगपतियों अशोक ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज की एमडी डॉ रंजना बंसल, प्रकाश ग्रुप के राजेश गर्ग, लमोस ग्रुप के नकुल मनचंदा, रावी इवेंट्स के मनीष अग्रवाल, चैम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल, उपाध्यक्ष अंबा प्रसाद, नितिन अग्रवाल एवं लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता ने भाग लिया। पैनल में वक्ताओं ने कहा कि किसी भी व्यवसाय को सफल और उन्नत बनाने में प्रोफेशनल्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उनकी विशेषज्ञता जटिल कानूनी प्रक्रियाओं को सरल बनाकर व्यापार को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने में सहायक होती है।

चर्चा के दौरान यह भी बताया गया कि कंपनी सेक्रेटरी प्रोफेशनल्स जीएसटी, कंपनी कानून, एमएसएमई, ट्रेडमार्क, फेमा, आर्बिट्रेशन, कानूनी परामर्श और मर्चेंट बैंकिंग जैसे अनेक क्षेत्रों में व्यापारियों को सेवाएं प्रदान करते हैं और छोटे व्यवसाय से लेकर कॉर्पोरेट स्तर तक उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चलते हैं।

दूसरे पैनल चर्चा में अंकित जैन,जी.डी. गोयनका स्कूल के संजय अग्रवाल, कपिल मित्तल, आगरा कोल्ड स्टोरेज एसोसिएशन के अध्यक्ष भुवेश कुमार अग्रवाल, सराफा कमेटी के नितेश अग्रवाल एवं रमेश चंद्र अग्रवाल ने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि उद्योगपतियों और प्रोफेशनल्स के बीच सशक्त सहयोग से आगरा की औद्योगिक स्थिति को नई ऊँचाइयों तक ले जाया जा सकता है। कंपनी सेक्रेटरी कॉर्पोरेट गवर्नेंस, अनुपालन और रणनीतिक परामर्श के माध्यम से उद्योगों को सुदृढ़ आधार प्रदान करते हैं।

पैनल डिस्कशन का संचालन सीएस चिराग गर्ग एवं आगरा शाखा की सचिव सीएस नीतू अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन जी. चंदक एवं शाखा अध्यक्ष सीएस अनुज अशोक अग्रवाल द्वारा सभी उद्योगपतियों को सम्मानित किया गया।

इसके पश्चात कोटक म्यूचुअल फंड के विशेषज्ञ द्वारा ‘मैनेजमेंट ऑफ लाइफ एंड मनी’ विषय पर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने जीवन में बचत और सही निवेश के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समय-समय पर निवेश से भविष्य को सुरक्षित और सुखद बनाया जा सकता है।

प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर सीएस तरीन रावत ने जानकारी दी कि प्रोफेशन में 25 वर्ष पूर्ण करने वाले सदस्यों सी एस हरमोहन अरोरा, सी एस पीयूष माथुर, सी एस के.एन. मेहरा, सी एस प्रमोद शर्मा, सी एस आर.सी. शर्मा, सी एस निधि गर्ग, सी एस सत्येंद्र शर्मा, सी एस गगन बर्मन एवं सी एस अनुज अशोक अग्रवाल को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। साथ ही संस्था की वरिष्ठ सदस्य स्वर्गीय सी एस अंजू जैन को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

प्रोग्राम डायरेक्टर सी एस तूलिका बंसल ने बताया कि इस मंच का उद्देश्य उद्योगपतियों, कॉर्पोरेट जगत और सीएस प्रोफेशनल्स के बीच समन्वय स्थापित कर विभिन्न सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है तथा यह संदेश देना है कि अब आगरा से ही सीएस प्रोफेशनल्स की सहायता से देश-विदेश में व्यापार का विस्तार संभव है।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। प्रथम सत्र का संचालन सी एस आँचल जैन एवं द्वितीय सत्र का संचालन सी एस आयशा जैन महाजन ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सी एस श्रुति गुप्ता ने प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर सी एस आकाश जैन, सी एस भरत हसानी, सी एस निमिषा तायल, सी एस कपिल वर्मा, सी एस आकाश बंसल, सी एस सोनू असवानी, सी एस रोहित वर्मा, सी एस रूचि अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।