हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। ताजनगरी में मनोरंजन और रोमांच का केंद्र बने सूरसदन प्रेक्षागृह में पत्रकारों के लिए एक विशेष जादुई संध्या का आयोजन किया जा रहा है। विश्व प्रसिद्ध जादूगर जूनियर ओ.पी. शर्मा अपने हैरतअंगेज करतबों से 8 मई शुक्रवार को ‘ताज प्रेस क्लब’ के सदस्यों और उनके परिजनों का विशेष रूप से मनोरंजन करेंगे।
25 अप्रैल से लगातार चल रहे इस जादुई शो ने शहरवासियों के बीच खासा आकर्षण पैदा किया है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर आयु वर्ग के दर्शक बड़ी संख्या में इस इंद्रजाल का आनंद लेने पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में अब पत्रकारों के लिए एक अलग और विशेष शो आयोजित किया जा रहा है,ताकि वे अपनी व्यस्त दिनचर्या से समय निकालकर परिवार सहित मनोरंजन का अनुभव कर सकें।
ताज प्रेस क्लब के पदाधिकारियों के अनुरोध पर तैयार की गई इस विशेष प्रस्तुति में क्लब से जुड़े सभी पत्रकारों को आमंत्रित किया गया है,साथ ही शो को और अधिक गरिमामयी बनाने के लिए कुछ चुनिंदा आमंत्रित दर्शकों को भी शामिल किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार मंच पर आधुनिक जादुई तकनीकों और पारंपरिक इंद्रजाल के अद्भुत संगम से जूनियर ओ.पी.शर्मा दर्शकों को रोमांचित कर देंगे। उनके अनोखे प्रयोग और चौंकाने वाले करतब दर्शकों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर देते हैं।
इस संबंध में ताज प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज मिश्र ने बताया कि पत्रकार अपनी दिनचर्या में इतने व्यस्त रहते हैं कि उन्हें परिवार के साथ समय बिताने का अवसर कम ही मिल पाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष शो आयोजित किया गया है,जिससे पत्रकार और उनके परिवारजन एक साथ मनोरंजन का आनंद ले सकें।
8 मई को आयोजित होने वाला यह खास कार्यक्रम न केवल मनोरंजन का माध्यम बनेगा,बल्कि पत्रकारों के लिए आपसी संवाद और सामूहिक मिलन का भी यादगार अवसर साबित होगा।
रिपोर्ट : असलम सलीमी

