विश्व हास्य दिवस पर पालीवाल पार्क में गूंजा ठहाकों का माहौल



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। पालीवाल पार्क में रविवार को विश्व हास्य दिवस के अवसर पर एक विशेष योग एवं लाफ्टर थेरेपी सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर हँसी और योग के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ उठाया।

यह कार्यक्रम त्रिलोकी नाथ जी की निगरानी में संपन्न हुआ,जबकि आयोजन की जिम्मेदारी अंतरराष्ट्रीय योग प्रशिक्षक कमल ने संभाली। कमल ने पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन करते हुए प्रतिभागियों को हँसी और योग के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव,चिंता और अवसाद तेजी से बढ़ रहे हैं,जिन्हें दूर करने के लिए लाफ्टर थेरेपी एक सरल और प्रभावी उपाय है। नियमित रूप से हँसने से मानसिक तनाव कम होता है, इम्यून सिस्टम मजबूत होता है तथा शरीर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न लाफ्टर एक्सरसाइज और योगाभ्यास किए। सत्र में यह भी बताया गया कि योग और हँसी का संयोजन न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक शांति और खुशी भी प्रदान करता है।

फ़िल्म लेखक निर्देशक सूरज तिवारी ने बताया कि सभी रसों में श्रेष्ठ हास्य रस है और हसने से शरीर में विशेष प्रकार का एंडोर्फिन जैसे रसायन निकलते हैं, जो सकारात्मक भावनाओं को जगाते हैं और एक तरह से 'फील गुड' केमिकल की तरह काम करते हैं। हंसते समय गहरी सांस लेने से रक्त संचार बढ़ता है, जिससे मांसपेशियों को आराम मिलता है।दिन में कम से कम एक बार ज़रूर हंसाना चाहिए ।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने दैनिक जीवन में हँसी और योग को अपनाने का संकल्प लिया।