मेहंदी और मंगल गीतों के साथ सजा सामूहिक विवाह का उत्सव,आज बंधेंगी छह बेटियां परिणय सूत्र में



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। भारत विकास परिषद ‘सुरभि’ द्वारा आयोजित सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह के अंतर्गत रविवार को लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में मेहंदी एवं महिला संगीत कार्यक्रम धूमधाम से संपन्न हुआ। समारोह में विवाह बंधन में बंधने जा रहीं छह निर्धन बेटियों के हाथों पर स्नेह पूर्वक मेहंदी रचाई गई और महिलाओं ने मंगल गीत गाकर माहौल को उल्लासमय बना दिया।

कार्यक्रम के दौरान “बरनी के हाथों में मेहंदी लगी है, फोन उठाने के काबिल नहीं है” और “जिंदगी एक सफर है सुहाना, आया सास-बहू का जमाना” जैसे गीतों पर महिलाओं ने जमकर नृत्य किया। पूरे आयोजन में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। 

इस अवसर पर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा नवविवाहित जोड़ों के लिए उपहार भी एकत्र किए गए।

संस्था की अध्यक्ष श्रीमती निधि अग्रवाल ने बताया कि सामूहिक विवाह समारोह सोमवार, 4 मई को आयोजित किया जाएगा। सुबह 10 बजे जैन स्मृति भवन, जयपुर हाउस से वरयात्रा निकलेगी,जिसके बाद दोपहर 12 बजे महाराजा अग्रसेन भवन में वरमाला एवं आशीर्वाद समारोह होगा। दोपहर 1:30 बजे सात फेरे संपन्न कराए जाएंगे और शाम 4 बजे बेटियों को भावुक विदाई दी जाएगी, साथ ही उन्हें गृहस्थी का आवश्यक सामान भेंट किया जाएगा।

कार्यक्रम में श्रीमती प्रीति उपाध्याय, नीलिमा शर्मा, वंदना अग्रवाल, निधि बंसल, सचिव श्रीमती अंजलि अग्रवाल, कोषाध्यक्ष ममता जैन, संयोजक निहारिका अग्रवाल सहित संस्था की अनेक सदस्याएं उपस्थित रहीं।