हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा : भारतीय वैश्य महासभा की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को प्रोफेसर कॉलोनी, कमला नगर स्थित कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक में समाज की एकता,वैवाहिक संबंधों के विस्तार तथा राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर विशेष चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल ने जानकारी दी कि 9 एवं 10 मई 2026 को एटा के ग्रीन गार्डन में समस्त वैश्य उपवर्गों का युवक-युवती वैवाहिक परिचय सम्मेलन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से समाज के विभिन्न उपवर्गों के बीच आपसी संबंध मजबूत होंगे और “रोटी-बेटी” का रिश्ता सुदृढ़ होगा।
उन्होंने वैश्य समाज की राजनीतिक स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि विधानसभा और लोकसभा में समाज की भागीदारी नगण्य है। इसे बढ़ाने के लिए समाज के सक्षम और जागरूक लोगों को आगे लाकर चुनाव मैदान में उतारना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाज के 100 प्रत्याशी उतारने का निर्णय लिया गया है।
जिलाध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार अग्रवाल ने आगामी जनगणना में सभी वैश्य बंधुओं से अपनी जाति के कॉलम में केवल “वैश्य” लिखने का आह्वान किया, ताकि समाज की वास्तविक जनसंख्या स्पष्ट रूप से सामने आ सके।
संरक्षक विनोद कुमार गुप्ता (सर्राफ) ने कहा कि समाज को गली-मोहल्ला स्तर से जोड़कर राजनीतिक रूप से सशक्त बनाना होगा। वहीं माहौर वैश्य महासभा के अध्यक्ष रामबाबू अग्रवाल ने समाज के योग्य व्यक्तियों को आर्थिक सहयोग देकर उन्हें चुनाव लड़ने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया। मंडल अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल और शैलेंद्र गुप्ता ने भी अपने विचार रखे।
बैठक में श्री निवास गुप्ता ठाकुर, मनोज मोदी, विनय कुमार गुप्ता (एडवोकेट), सुनील अग्रवाल, विनोद कुमार मित्तल, के.एम. सिंघल, अमित वार्ष्णेय, राधे बाबू अग्रवाल, कल्पना अग्रवाल, हरी ओम गोयल, राजीव पोरवाल, रवि गोयल, अर्पित बंसल सहित कई लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पुनीत गुप्ता ने किया।

