कवि सम्मेलन में गूंजी राष्ट्र चेतना,कवियों ने बांधी समां

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। राष्ट्रीय कवि संगम ब्रज प्रांत एवं सारंग फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को बोदला-सिकंदरा रोड स्थित द नंबरदार्स बैंक्विट हॉल में प्रांतीय कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ब्रज प्रांत सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए कवियों ने वीर, हास्य, श्रृंगार सहित विविध रसों की प्रस्तुतियों से श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। कविताओं में राष्ट्र जागरण और सामाजिक चेतना का स्वर प्रमुख रूप से उभरकर सामने आया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि दीनदयाल धाम के निदेशक सोनपाल, राष्ट्रीय कवि संगम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश मित्तल, विशिष्ट अतिथि मनकामेश्वर मंदिर मठ के तिलकायत महंत योगेश पुरी, पूर्व भाजपा महानगर अध्यक्ष शिव शंकर शर्मा, एडीएम प्रशासन आजाद भगत सिंह, ब्रज प्रांत कार्यकारी अध्यक्ष सचिन सारंग सहित अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।

आयोजक एवं राष्ट्रीय कवि सचिन सारंग ने कहा कि मातृभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार, साहित्यिक संस्कारों और राष्ट्रवाद की भावना को सुदृढ़ करने के लिए सारंग फाउंडेशन निरंतर प्रयासरत है और आगे भी साहित्यकारों को मंच प्रदान करता रहेगा।

काव्य पाठ के दौरान सचिन सारंग की पंक्तियां- “मोदी जी के बाद आप बस योगी को सत्ता दे दो...” पर सभागार तालियों से गूंज उठा। इसके साथ ही विभिन्न कवियों ने गीत, गजल, दोहा और मुक्तकों के माध्यम से समां बांध दिया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय कवि संगम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश मित्तल का अभिनंदन भी किया गया। कार्यक्रम में अशोक चौबे, आचार्य उमाशंकर पाराशर, रामेंद्र शर्मा ‘रवि’, प्रभुदत्त उपाध्याय, गाफिल स्वामी, पवन आगरी, योगी सूर्यनाथ, डॉ. मुक्ता सिकरवार, दीपांशु शम्स, उन्नति भारद्वाज, प्रिया शुक्ला, मनोज मधुवन, सागर गुजराती सहित अनेक कवियों ने काव्य पाठ किया।

कार्यक्रम का संचालन कवि पदम गौतम ने किया। इस दौरान नंद नंदन गर्ग, हिमानी चतुर्वेदी, रविकांत चावला, अदिति कात्यायन सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।