भगवान नरसिंह का पाणकम व बारह अनाज के जल से अभिषेक,नरसिंह चतुर्दशी महामहोत्सव धूमधाम से सम्पन्न




श्री जगन्नाथ (इस्कॉन) मंदिर में हवन, झांकी और नाटिका के माध्यम से जीवंत हुई भक्त प्रह्लाद की कथा

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा।भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला जब नरसिंह चतुर्दशी के अवसर पर श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में भव्य महामहोत्सव आयोजित किया गया। इस दौरान भगवान नरसिंह का विशेष पाणकम (गुड़ व दरक के रस) तथा बारह प्रकार के अनाजों के जल से अभिषेक किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

मंदिर परिसर को सुगंधित पुष्पों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। भगवान नरसिंह और भक्त प्रह्लाद की मनोहारी झांकी के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए। आरती के पश्चात सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत बीज मंत्रों के साथ हवन में आहूतियां दी गईं। मंदिर के बच्चों और भक्तों द्वारा नाटिका प्रस्तुत कर भक्त प्रह्लाद की जन्म से लेकर भगवान नरसिंह से साक्षात्कार तक की कथा का प्रभावशाली मंचन किया गया, जिसे दर्शकों ने सराहा।

इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष अरविंद प्रभु ने इस अवसर पर भगवान नरसिंह की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि सच्ची भक्ति और अटूट विश्वास ही भक्त की रक्षा का आधार है। भक्त प्रह्लाद की निष्ठा के कारण ही भगवान को स्वयं प्रकट होकर उनकी रक्षा करनी पड़ी।

भगवान नरसिंह के उग्र स्वरूप को शांत करने हेतु फूलों से विशेष श्रृंगार किया गया और माता लक्ष्मी व भक्त प्रह्लाद के साथ उनका पूजन किया गया। साथ ही शालिग्राम जी का अभिषेक पंचगव्य और पंचामृत से किया गया।

इस अवसर पर नितेश अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, संजीव बंसल, शैलेश बंसल, संजीव मित्तल, राजेश उपाध्याय, ओमप्रकाश अग्रवाल एवं अतिथि गौरांगी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।