हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। श्री जगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में आम के मनोरथ एवं आम के कुंज दर्शन का भव्य आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। मंदिर परिसर को विभिन्न प्रकार के आमों से आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मृदंग और मंजीरे की मधुर ध्वनि पर हुए संकीर्तन में भक्तजन भाव-विभोर होकर झूम उठे। आयोजन के चलते मंदिर के पट रात्रि 9:30 बजे तक दर्शनार्थियों के लिए खुले रहे।
आम के कुंज दर्शन के अंतर्गत भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा जी के विग्रहों का विशेष श्रृंगार किया गया। फूल बंगले को सैकड़ों किलो आमों से सजाकर मनोहारी आम कुंज का स्वरूप दिया गया। विभिन्न किस्मों के आमों से वृक्ष, तोरण, मेहराब और झूमरों की कलात्मक सजावट की गई, जिसने श्रद्धालुओं को वृंदावन के दिव्य कुंजों की अनुभूति कराई।
इस अवसर पर ठाकुर जी को विशेष आम मनोरथ अर्पित किया गया। आमरस, आम की खीर, आम श्रीखंड, आम बर्फी, आम पन्ना, आम चटनी और आम के हलवे सहित आम से बने 75 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया। श्रद्धालु अपने घरों से इन व्यंजनों को बनाकर ठाकुर जी के भोज के लिए लेकर आए थे।
मंदिर परिसर "जय जगन्नाथ" और "हरे कृष्ण, हरे राम" के जयघोष से गुंजायमान रहा। मंदिर के अध्यक्ष अरविंद प्रभु ने विधि-विधान के साथ आरती संपन्न कराई।
इस अवसर पर कान्ता प्रसाद अग्रवाल, नितेश अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, संजीव बंसल, संजीव मित्तल, राजेश उपाध्याय, अदिति गौरांगी, ओमप्रकाश अग्रवाल, आशु मित्तल एवं शाश्वत नन्दलाल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

