हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति-2026 ने इस वर्ष जनकपुरी महोत्सव को ऐतिहासिक, भव्य और दिव्य स्वरूप में आयोजित करने की घोषणा की है। पहली बार भावना एस्टेट रोड पर मिथिला नगरी बसाई जाएगी, जहां करीब 16 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में भव्य जनक महल का निर्माण होगा। प्रशासन की अनुमति मिलने पर श्रीराम बारात के मिथिला नगरी में प्रवेश के समय हेलीकॉप्टर से भगवान श्रीराम के स्वरूपों पर पुष्पवर्षा की जाएगी।
आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार (राजू यादव) ने बताया कि कावेरी कौस्तुभ अपार्टमेंट के निकट बनने वाले जनक महल के लिए मनमोहन अग्रवाल एवं संजीव अग्रवाल ने भूमि उपलब्ध कराई है। जनकपुरी में चार भव्य प्रवेश द्वार सावित्री देवी पुरुषोत्तम दास कैंसर हॉस्पिटल रोड, भावना एस्टेट, केके नगर और गुरुद्वारा मार्ग पर बनाए जाएंगे। वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के लिए अलग प्रवेश द्वार, वेटिंग रूम तथा गोल्फ कार्ट की व्यवस्था का भी प्रयास किया जा रहा है।
मीडिया प्रभारी राणा सुशील सिंह ने बताया कि जनकपुरी क्षेत्र को एक समान थीम पर सजाया जाएगा। रामायणकालीन झांकियां, आकर्षक विद्युत सज्जा तथा सभी स्टॉलों की एकरूप सजावट इस बार की विशेषता होगी। प्रतिष्ठित रेस्टोरेंट्स के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय गोयल एवं मुख्य संयोजक मनोज बंसल ने बताया कि इस वर्ष भगवान श्रीराम की बहन शांता एवं उनके पति श्रृंगी ऋषि के जीवन पर आधारित भव्य झांकी तैयार की जाएगी, ताकि आगरा जनपद से जुड़े इस धार्मिक विरासत स्थल की जानकारी जन-जन तक पहुंच सके।
बैठक में महिला समिति की कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए अमृता पोरवाल को अध्यक्ष बनाया गया। डॉ. रुचि चतुर्वेदी को मंच संचालन एवं मंच व्यवस्था प्रमुख, आरती शर्मा मुख्य संरक्षक, सूची खंडेलवाल मुख्य संयोजक, शीतल अग्रवाल मुख्य कार्यकारी अधिकारी, एकता बंसल उपाध्यक्ष, सीमा सिंह महामंत्री, दीप्ति नरेंद्र अग्रवाल कोषाध्यक्ष तथा मिसी यादव और शालिनी पोरवाल को समन्वयक बनाया गया।
कोर कमेटी में संतोष कटारा को मुख्य संरक्षक, संजय गोयल मुख्य कार्यकारी अधिकारी, मनोज बंसल मुख्य संयोजक, धर्मेश जैन मुख्य समन्वयक, अंकुश मित्तल वरिष्ठ उपाध्यक्ष, आकाश गोयल ग्वाला कोषाध्यक्ष तथा राणा सुशील सिंह मीडिया प्रभारी बनाए गए। समिति में निमित पोरवाल, कपिल पोरवाल, विश्वनाथ जुनेजा, अखिलेश दुबे, मनोज जादौन, पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी, साहूकार उपाध्याय, गर्वित ठुकराल, मनीष राजपाल, डॉ. गजेंद्र सिंह तोमर, नरेश सिंह जादौन, ऋषि खंडेलवाल, सुनील पाठक, नरेंद्र शर्मा एवं प्रभाकर शर्मा को भी शामिल किया गया।

