ब्रश एंड क्लीनिंग प्रोडक्ट्स एसोसिएशन का प्रथम स्थापना दिवस, उद्योग हितों पर मंथन
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। ब्रश एंड क्लीनिंग प्रोडक्ट्स एसोसिएशन के प्रथम स्थापना दिवस पर उद्योग से जुड़े उद्यमियों ने एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना में उद्योग को शामिल करने, जियो टैगिंग कराने तथा टूथब्रश की तर्ज पर अन्य ब्रशों पर भी 5 प्रतिशत जीएसटी लागू करने की मांग प्रमुखता से उठाई। फतेहाबाद रोड स्थित ग्रैंड मर्करी होटल में आयोजित समारोह में उद्योग के विकास और निर्यात को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, विशिष्ट अतिथि संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार, लघु उद्योग भारती के प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल रावी, आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल तथा नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के अध्यक्ष मनोज बंसल ने दीप प्रज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि राकेश गर्ग ने कहा कि आगरा का ब्रश एंड क्लीनिंग प्रोडक्ट्स उद्योग गुणवत्ता और नवाचार के बल पर वैश्विक बाजार में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि उद्योग ने चीन के वर्चस्व को चुनौती देते हुए निर्यात में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है और उत्तर प्रदेश सरकार उद्योगों के विकास के लिए हरसंभव सहयोग दे रही है।
मनीष अग्रवाल रावी ने कहा कि क्लस्टर मॉडल अपनाकर यह उद्योग न केवल आगरा बल्कि पूरे देश की वैश्विक पहचान बन सकता है। उन्होंने बताया कि उद्योग को ओडीओपी योजना में शामिल कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
अनुज कुमार ने विभाग की ओर से उद्योगों की समस्याओं के समाधान और विस्तार के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं मनोज बंसल ने कहा कि उद्योग की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने के लिए कर ढांचे में व्यावहारिक सुधार आवश्यक हैं।
संस्था के अध्यक्ष अमित मोरियानी ने कहा कि ओडीओपी में शामिल कराने और उद्योग की जियो टैगिंग संस्था की प्रमुख मांग है। उन्होंने बताया कि इन मांगों को लेकर सोमवार को संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार के मार्गदर्शन में प्रतिनिधिमंडल कानपुर में औद्योगिक सचिव से मुलाकात करेगा।
संस्था के सचिव नितिन कुमार अग्रवाल ने कहा कि टूथब्रश पर जीएसटी 18 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत किए जाने के बाद अब बालों, शेविंग और सफाई में उपयोग होने वाले विभिन्न प्रकार के ब्रशों पर भी 5 प्रतिशत जीएसटी लागू किया जाना चाहिए। इससे एमएसएमई इकाइयों को लाभ मिलेगा, उत्पादन एवं निर्यात बढ़ेगा तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने बताया कि टीटीजेड क्षेत्र में हाल ही में राहत पाने वाले 400 उद्योगों में 13 उद्योग ब्रश एंड क्लीनिंग प्रोडक्ट्स क्षेत्र से जुड़े हैं।
कार्यक्रम के दौरान सह कोषाध्यक्ष अंकित अग्रवाल ने वर्ष 2025-26 में संस्था की गतिविधियों एवं उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर टीएन अग्रवाल ने 16 अगस्त को आयोजित होने वाले चतुर्थ विशाल रक्तदान शिविर की जानकारी देते हुए उद्यमियों से सहभागिता की अपील की। संस्था की ओर से रक्तदान अभियान के लिए 51 हजार रुपये की सहयोग राशि तथा 500 रक्तदान पंजीकरण फॉर्म आगरा व्यापार मंडल को भेंट किए गए।
समारोह में आगरा सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, राजीव गुप्ता, दुष्यंत गर्ग, राजेंद्र गुप्ता, संस्था के उपाध्यक्ष मुकेश आहूजा, शैलेंद्र गुप्ता, सह सचिव राजेश कुमार गर्ग, कुशाग्र जैन सहित बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नितिन कुमार अग्रवाल, सचिन अग्रवाल एवं लव कपूर ने संयुक्त रूप से किया।

