आगरा में गौ सम्मान के समर्थन में निकली भव्य रैली, 8 लाख हस्ताक्षर अभियान का संकल्प



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। गौ माता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान के उद्देश्य से शहर में रविवार को एक भव्य जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान गौ संरक्षण के समर्थन में 8 लाख हस्ताक्षर अभियान का संकल्प लिया गया तथा जनजागरूकता रैली निकाली गई।

जिला संयोजिका हिमानी चतुर्वेदी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य गौ संरक्षण के प्रति समाज में व्यापक जागरूकता पैदा करना और जनसमर्थन जुटाना है। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भव्य शोभायात्रा रही, जिसमें सबसे आगे नंदी बाबा की झांकी चल रही थी। वहीं युगल स्वरूप में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

रैली में एक हजार से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर गौ रक्षा और गौ सम्मान का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन भी हुआ। अभियान के तहत तैयार प्रार्थना-पत्र जिला अधिकारी को सौंपा गया, जिसमें गौ संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई।

इस अवसर पर अदिति कात्यायन, प्रियंका शर्मा, संभाग प्रभारी श्यामा गोपाल सरस्वती, पवन समाधिया, पं. धर्मवीर तोमर, अमरनाथ, सोनू शर्मा, राजीव शर्मा, सुनील शर्मा एवं जितेंद्र रावत सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन गौ माता के सम्मान और संरक्षण के संकल्प के साथ हुआ।