हज़रत शाह अमीर अबुलउला के उर्स पर निकला भव्य चादरपोशी जुलूस,अकीदतमंदों ने की शिरकत



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। सरताज-ए-आगरा हज़रत सैयदना शाह अमीर अबुलउला (रह.) के मुबारक उर्स के अवसर पर शनिवार को बेगम ड्योढ़ी, तिलक बाजार से भव्य चादरपोशी जुलूस निकाला गया। यह विशेष चादर अजमेर स्थित हज़रत ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती (रह.) की दरगाह शरीफ से लाई गई, जिसे पूरे अकीदत और सम्मान के साथ हज़रत शाह अमीर अबुलउला (रह.) की दरगाह पर पेश किया गया।

शाम करीब पांच बजे बेगम ड्योढ़ी से जुलूस का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में पहुंचे अकीदतमंदों का साफा बांधकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। जुलूस में पांच आकर्षक धार्मिक झांकियां, घोड़े-बग्गी तथा दो डीजे शामिल रहे, जिनसे पूरे मार्ग पर उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना रहा।

जुलूस पाय चौकी, सेव का बाजार, सिंधी बाजार, फुलट्टी, घटिया, मोतीलाल नेहरू रोड और पालीवाल पार्क होते हुए हज़रत शाह अमीर अबुलउला (रह.) की दरगाह शरीफ पहुंचा, जहां विधिवत चादरपोशी की रस्म अदा की गई और मुल्क में अमन, भाईचारे तथा खुशहाली की दुआ मांगी गई।

जुलूस में हाजी बुन्दन मियां, नवीन शर्मा, पार्षद आरती शर्मा, इरफान सलीम, समी आगाई, अपूर्व शर्मा, मोहम्मद हाजी शाहिद, मोहम्मद जाहिद, मोहम्मद परवेज, मोहम्मद शाहिद, अमान सहित बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। सेव का बाजार तिराहे पर जुलूस का भव्य स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के अंत में हाजी बुन्दन मियां ने जुलूस को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उर्स का यह आयोजन आपसी प्रेम, सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक है।

रिपोर्ट : असलम सलीमी