पार्षद मुरारी लाल गोयल ने नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, सफाई, प्रकाश, पेयजल व सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने का अनुरोध
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। श्रावण मास के दौरान लाखों शिवभक्तों और कांवड़ यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समाजसेवी एवं पार्षद मुरारी लाल गोयल 'पेंट वालों' ने नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य को ज्ञापन सौंपकर शहर के प्रमुख शिवालयों के परिक्रमा मार्गों को गड्ढामुक्त, स्वच्छ और सुरक्षित कराने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि 30 जुलाई से शुरू हो रहे श्रावण मास में श्री बल्केश्वर महादेव, श्री मनकामेश्वर, श्री राजेश्वर, श्री पृथ्वीनाथ एवं श्री रावली मंदिर में जलाभिषेक और परिक्रमा के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। ऐसे में क्षतिग्रस्त सड़कें, गड्ढे और अव्यवस्थित व्यवस्थाएं श्रद्धालुओं के लिए परेशानी और दुर्घटना का कारण बन सकती हैं।
मुरारी लाल गोयल ने नगर निगम से मांग की कि श्रावण शुरू होने से पहले सभी परिक्रमा मार्गों और मंदिरों तक जाने वाली सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए, क्षतिग्रस्त मार्गों पर पैचवर्क कराया जाए, नियमित सफाई एवं पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था हो तथा निर्माण सामग्री व मलबा हटाकर मार्ग अवरोधमुक्त बनाया जाए। इसके अलावा परिक्रमा मार्गों पर पुलिस और होमगार्ड की तैनाती, पेयजल की समुचित व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्थान-स्थान पर बायो टॉयलेट लगाए जाएं।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने पार्षद को आश्वस्त किया कि शीघ्र ही संबंधित शिवालयों और परिक्रमा मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई जाएंगी,ताकि श्रावण मास में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

