ब्राह्मण अपनी भागीदारी खुद तय करेगा,किसी 'मारीच' की बातों में नहीं आएगा: राजेंद्र नाथ त्रिपाठी




प्रबुद्ध जागरण यात्रा को लेकर अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज की बैठक, 2027 चुनाव और संगठन की मजबूती पर मंथन

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज (रा.) की ओर से प्रस्तावित 'प्रबुद्ध जागरण यात्रा' के संबंध में विजयनगर कॉलोनी स्थित कलेवा रेस्टोरेंट में प्रबुद्धजनों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, समाज की एकजुटता और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित राजेंद्र नाथ त्रिपाठी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता गजेंद्र शर्मा एवं अनुज उपाध्याय ने संयुक्त रूप से की, जबकि संचालन डॉ. दिवाकर तिवारी ने किया।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अनुज उपाध्याय ने कहा कि ब्राह्मण समाज की ताकत उसकी एकजुटता में है। समाज संगठित होगा तो छोटे-बड़े सभी कार्य आसानी से पूरे होंगे और समाज की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित होगी।

प्रदेश संरक्षक डॉ. दीपेश उपाध्याय ने शिक्षा, स्वास्थ्य और संगठन को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि समाज के बीच जाकर जनजागरण अभियान चलाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि संगठन जितना मजबूत होगा, समाज की समस्याओं का समाधान उतना ही प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।

मुख्य अतिथि पंडित राजेंद्र नाथ त्रिपाठी ने अपने संबोधन में केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि ब्राह्मण समाज की उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में ब्राह्मण समाज अपनी राजनीतिक भागीदारी स्वयं तय करेगा और किसी भी राजनीतिक दल के बहकावे में नहीं आएगा। उन्होंने दावा किया कि ब्राह्मण समाज 125 से अधिक विधानसभा सीटों पर चुनावी परिणामों को प्रभावित करने की क्षमता रखता है और बिना उसके समर्थन के सरकार बनाना आसान नहीं है। उन्होंने विभिन्न राजनीतिक दलों को 'मारीच' की संज्ञा देते हुए कहा कि समाज को उनके झांसे में नहीं आना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि 136 ब्राह्मण संगठनों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसके बाद समाज की दावेदारी, सुरक्षा, संरक्षण और अधिकारों को लेकर सरकारों से प्रभावी संवाद किया जाएगा।

बैठक में संजय शर्मा, डॉ. दिवाकर तिवारी, वीरेंद्र दुबे, महेश शर्मा, राजीव शर्मा, चंद्रप्रकाश शर्मा, श्रीकांत पाराशर, लोकेश शर्मा, महेंद्र कटारा, विनोद शर्मा, नवनीत दीक्षित तथा बांके लाल शर्मा सहित ब्राह्मण समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।