श्रीराम-श्रीकृष्ण जन्मोत्सव व वामन अवतार की कथा सुनाई, धर्म के पांच लक्षण बताए; हजारों श्रद्धालु हुए भावविभोर
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। फतेहाबाद रोड स्थित राजदेवम में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में रविवार को कथावाचक जया किशोरी ने श्रीराम और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के साथ भगवान वामन अवतार की कथा का भावपूर्ण वर्णन किया। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर पूरा पंडाल "जय श्रीकृष्ण" के जयघोष से गूंज उठा। गुब्बारों से सजे कथा परिसर में स्वरूपों की मनमोहक प्रस्तुतियों, बधाई गीतों और भजनों के बीच श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए तथा उपहारों का वितरण भी किया गया।
जया किशोरी ने कहा कि जब-जब धरती पर अधर्म बढ़ता है, तब-तब भगवान अवतार लेकर धर्म की स्थापना करते हैं। उन्होंने धर्म के प्रमुख पांच लक्षण-सत्य, दया, पवित्रता, संतोष और दान-बताते हुए कहा कि इन्हीं मूल्यों पर जीवन की नींव टिकी है। मोहिनी अवतार, गजेन्द्र मोक्ष, राजा बलि, दिति-अदिति तथा वामन अवतार के प्रसंगों के माध्यम से उन्होंने भक्ति, त्याग और सदाचार का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि गंगा स्नान से अनजाने में हुए पापों का प्रायश्चित संभव है, लेकिन सोच-समझकर किए गए पाप केवल स्नान से नहीं मिटते। त्याग के बिना तृप्ति संभव नहीं है और व्यक्ति को अपने हिस्से का भजन, सत्संग तथा पुण्य कर्म स्वयं ही करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि भोजन, मृत्यु, विवाह और सत्संग में किसी प्रकार की "बदली" नहीं चलती।
कथा के दौरान "मुझे ऐसी लगन तू लगा दे...", "राधे तेरे चरणों की...", "श्रीराम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में..." तथा "है दुख भंजन मारुति नन्दन..." जैसे भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, राजकुमार गुप्ता, राधा गुप्ता, विकास मांगलिक, जयश्री मांगलिक, अनिल गुप्ता, रेखा गुप्ता, संतोष शर्मा, ललिता शर्मा, सत्यप्रकाश गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, सुनील गुप्ता, राजीव गुप्ता, विनीत मांगलिक, अंजु मांगलिक, ऋषिक मांगलिक, तनु मांगलिक, अर्पित गुप्ता, आकांक्षा गुप्ता, मनोज गर्ग, रितु गर्ग, रेनू गुप्ता, मीतेश मित्तल, सीमा मित्तल, बृजमोहन रैपुरिया, मनीष पारौलिया, संदीप गुप्ता, अशोक गुप्ता, पवन गुप्ता एवं सुशील गुप्ता सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।





