सण्डीला में वैदिक शिक्षा के नए युग का शुभारम्भ, महर्षि याज्ञवल्क्य वेद एवं वैदिक विद्यापीठ का हुआ शिलान्यास

 


एमएलसी अशोक अग्रवाल ने किया शिलान्यास,सी.एल. दीक्षित ने कराया भूमि पूजन, सैकड़ों लोगों की रही उपस्थिति

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

सण्डीला (हरदोई)। ऋषि शाण्डिल्य की तपोभूमि सण्डीला में रविवार को ग्राम सुमेरखेड़ा, सुंदरपुर स्थित महर्षि याज्ञवल्क्य वेद एवं वैदिक विद्यापीठ, सण्डीला शाखा का भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। वरिष्ठ अधिवक्ता, पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं पूर्व अध्यक्ष लखनऊ बार एसोसिएशन सी.एल. दीक्षित ने भूमि पूजन कराया, जबकि उत्तर प्रदेश शासन की याचिका समिति के सभापति एवं विधान परिषद सदस्य अशोक अग्रवाल ने शिलान्यास कर विद्यापीठ के निर्माण का शुभारम्भ किया।

कार्यक्रम ब्राह्मण परिवार, लखनऊ भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. भानु पाण्डेय के मार्गदर्शन एवं प्रदेश अध्यक्ष श्याम नारायण मिश्रा (अधिवक्ता) के नेतृत्व में आयोजित हुआ। समारोह में सुनील द्विवेदी, राकेश मोहन मिश्रा, डॉ. घनश्याम पाण्डेय, राकेश कुमार पाण्डेय, रूपेन्द्र उपाध्याय, अरविन्द द्विवेदी, अमरीश शुक्ला, अभिषेक अग्निहोत्री, अनिल तिवारी, श्रीमती रजनी तिवारी, अवधेश कुमार शुक्ला, प्रभात शर्मा, अमित दीक्षित, सौरभ शुक्ला 'ज्वाला', बाबा द्विवेदी एवं विनय त्रिपाठी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में सी.एल. दीक्षित, अशोक अग्रवाल एवं श्याम नारायण मिश्रा ने गुरुकुल शिक्षा पद्धति की महत्ता बताते हुए कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ संस्कारयुक्त वैदिक शिक्षा समय की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऋषि शाण्डिल्य की पावन भूमि पर बनने वाला यह विद्यापीठ भविष्य में क्षेत्र की पहचान बनेगा और समाज के सहयोग से एक आदर्श शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित होगा।

कार्यक्रम का संचालन पंकज तिवारी ने किया। अंत में प्रदेश अध्यक्ष श्याम नारायण मिश्रा ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। समारोह के समापन पर "जय श्री परशुराम", "जय श्रीराम" और "हर महादेव" के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा।