हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। सरताज-ए-आगरा हज़रत सैय्यदना शाह अमीर अबुलउला की दरगाह पर गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी 7 सफर 1448 हिजरी (23 जुलाई 2026, गुरुवार) को महफिल-ए-ज़िक्र-ए-औलिया व नातख्वानी का आयोजन श्रद्धा एवं अकीदत के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सूफी हज़रात, जायरीन एवं अकीदतमंद मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता दरगाह के सज्जादानशीन व मुतवल्ली हज़रत सैय्यद मोहतशिम अली अबुल उलाई ने की। इस अवसर पर नायब सज्जादगान हज़रत हाजी सैय्यद विरासत अली अबुल उलाई, हज़रत सैय्यद इशाअत अली अबुल उलाई तथा हज़रत सैय्यद कैफ अली अबुल उलाई अपने परिवारजनों के साथ उपस्थित रहे।
महफिल का शुभारंभ पवित्र कुरआन शरीफ के पाठ से हुआ। इसके बाद खतीब हज़रत अल्लामा मुफ़्ती कमरउद्दीन मिसबाही (रामपुर) ने औलिया-ए-किराम की शान, उनकी शिक्षाओं, जीवन शैली एवं समाज के लिए उनके संदेश पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए लोगों से सच्चाई और नेक रास्ते पर चलकर सफल जीवन जीने का आह्वान किया।
इसके उपरांत कारी शफीक उल्लाह (कानपुर), कारी जहाँगीर आलम अशरफी (आगरा), मौलाना सैफ रज़ा (आगरा) तथा आसिफ ने रसूल-ए-पाक की शान में नात और औलिया-ए-किराम की शान में मनकबत पेश की। उनकी प्रस्तुतियों से महफिल पूरी तरह रूहानी माहौल में डूब गई और उपस्थित अकीदतमंद झूम उठे।
समापन पर सज्जादानशीन हज़रत सैय्यद मोहतशिम अली अबुल उलाई ने देश की उन्नति, विकास, आपसी भाईचारे, अमन-चैन और खुशहाली के लिए विशेष दुआ कराई।
इस अवसर पर सैय्यद इकबाल अली अबुल उलाई, सैय्यद अरीब अली अबुल उलाई, सैय्यद आसिम अली अबुल उलाई, सैय्यद शहाब अली, सलमान मज़हर तथा सैय्यद अज़हर अली सहित बड़ी संख्या में जायरीन एवं अकीदतमंद उपस्थित रहे।
कार्यक्रम :
दरगाह पर उर्स के तहत 24 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को शाम 5:30 बजे गुस्ल शरीफ एवं संदलमाली का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंदों के शामिल होने की संभावना है।
रिपोर्ट : असलम सलीमी

