गली-मोहल्लों में डायरिया से बचाव का संदेश देंगे प्रचार वाहन

 


हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा, 17 जुलाई। जनपद में 25 अगस्त तक चल रहे डायरिया रोको अभियान के तहत शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से तीन जागरूकता प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. उपेंद्र कुमार, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नंदन सिंह और अर्बन नोडल डॉ. रिशी गोपाल ने वाहनों को रवाना किया। ये वाहन गली-मोहल्लों में पहुंचकर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों में डायरिया के लक्षण, कारण, बचाव तथा ओआरएस और जिंक के उपयोग के प्रति लोगों को जागरूक करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि अभियान की थीम "स्वच्छ जल, समुचित उपचार- डायरिया से बचें हर बार" है। अभियान में पीएसआई इंडिया और केनव्यू भी सहयोग कर रहे हैं। डॉ. नंदन सिंह ने कहा कि बारिश के मौसम में दूषित पानी, गंदे हाथों और अस्वच्छता के कारण बच्चों में डायरिया का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने लोगों से हाथों की नियमित सफाई, स्वच्छ पानी के उपयोग तथा दस्त होने पर तुरंत ओआरएस का घोल और जिंक की गोलियां देने तथा निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करने की अपील की।

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक कुलदीप भारद्वाज, आकाश गौतम, पीएसआई इंडिया के पंकज कुमार, आरती, सोनल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।