श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और गोवर्धन पूजा का भक्तिमय वर्णन, जया किशोरी ने दिए पारिवारिक संस्कारों के संदेश



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। फतेहाबाद रोड स्थित राजदेवम में श्रीश्याम परिवार सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन कथा वाचक जया किशोरी ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, गोवर्धन पूजा, माखन चोरी, पूतना वध और शिवजी के दर्शन प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर भजनों पर झूम उठे, वहीं राधा-कृष्ण के स्वरूप में सजे बच्चों ने सभी का मन मोह लिया।

जया किशोरी ने कहा कि भगवान की प्रत्येक लीला लोककल्याण के लिए है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की छोटी-छोटी बातों को भी ध्यान से सुनने और उन्हें समय देने का आग्रह किया। उनका कहना था कि यदि बचपन में बच्चों की बातों को अनदेखा किया जाएगा तो बड़े होने पर वे महत्वपूर्ण बातें भी साझा नहीं करेंगे।

कथा में उन्होंने भारतीय संस्कृति और परंपराओं पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि हम अपनी ही वस्तुओं पर तब तक विश्वास नहीं करते, जब तक उन पर विदेशी ठप्पा न लग जाए। उन्होंने युवाओं से अपने शास्त्रों का अध्ययन करने और भारतीय ज्ञान परंपरा पर गर्व करने का आह्वान किया।

पारिवारिक जीवन पर संदेश देते हुए जया किशोरी ने कहा कि घर और परिवार की जिम्मेदारी पति-पत्नी दोनों की समान है। बेटा और बेटी दोनों को धन कमाने के साथ-साथ घर के कार्य, रिश्तों का निर्वहन और जिम्मेदारियां निभाना सीखना चाहिए। यही वास्तविक समानता है।

इस अवसर पर बाबू रोशनलाल गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, राधा गुप्ता, विकास मांगलिक, जयश्री मांगलिक, अनिल गुप्ता, विनीत मांगलिक, ऋषिक मांगलिक, अर्पित गुप्ता, अंजू मांगलिक, तनु मांगलिक, रेखा गुप्ता, आकांक्षा गुप्ता, अलका गुप्ता, नीता गुप्ता, साक्षी गुप्ता, अर्चना गुप्ता, नितेश शिवहरे, राखी शिवहरे, प्रदीप गुप्ता, सुनील गुप्ता, राजीव गुप्ता, यश गुप्ता, अमन गुप्ता, रानी गुप्ता, विनीता गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।