शिवदत्त गुप्ता के नेत्रदान से दो लोगों को मिलेगी नई रोशनी



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा/फिरोजाबाद। फिरोजाबाद के नसीरपुर निवासी शिवदत्त गुप्ता (77) के निधन के बाद उनके परिजनों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए उनका नेत्रदान कराया। उनके पुत्र संजय गुप्ता और राजीव गुप्ता ने श्री बजाजा कमेटी के संजीव गुप्ता से संपर्क कर नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी कराई।

सूचना मिलते ही श्री बजाजा कमेटी की टीम एसएन मेडिकल कॉलेज की आई बैंक टीम के साथ फिरोजाबाद पहुंची। आई बैंक प्रभारी डॉ. शेफाली मजूमदार के निर्देशन में ग्रीफ काउंसलर दीपक शर्मा एवं चिकित्सकों की टीम ने सफलतापूर्वक कॉर्निया संग्रह की प्रक्रिया पूरी की। उनके नेत्रदान से अब दो दृष्टिबाधित लोगों के जीवन में रोशनी आने की उम्मीद जगी है।

श्री बजाजा कमेटी के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, महासचिव राजीव अग्रवाल, प्रभारी विष्णु जैन तथा मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल ने लोगों से मृत्यु उपरांत नेत्रदान का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि इच्छुक व्यक्ति नेत्रदान संबंधी जानकारी एवं पंजीकरण के लिए 9319809451 पर संपर्क कर सकते हैं।

नेत्रदान को महादान बताते हुए कमेटी ने कहा कि एक व्यक्ति के नेत्रदान से दो लोगों के जीवन में उजाला लाया जा सकता है।