आगरा में 20 देशों की फिल्मों ने दी दस्तक,नवंबर में होगा 8वां ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल


हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। ताज की नगरी आगरा में एक बार फिर देश-विदेश की कहानियां बड़े पर्दे पर नजर आएंगी। ग्लैमर लाइव फिल्म्स की ओर से आयोजित 8वें ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2026 के लिए अब तक भारत सहित 20 देशों की फिल्मों की प्रविष्टियां प्राप्त हो चुकी हैं। सिनेमा, संस्कृति और ज्ञान की थीम पर आधारित यह तीन दिवसीय फिल्म फेस्टिवल नवंबर में आगरा में आयोजित किया जाएगा।

फेस्टिवल में भारत के अलावा यूके, स्विट्जरलैंड, सिंगापुर, जिम्बाब्वे, इटली, रूस, फ्रांस, पोलैंड, ऑस्ट्रेलिया, अर्जेंटीना और अमेरिका सहित विभिन्न देशों से फिल्मों की एंट्री प्राप्त हुई है। भारत से भी अलग-अलग भाषाओं और विभिन्न श्रेणियों की फिल्मों को फेस्टिवल के लिए भेजा गया है।

फिल्म फेस्टिवल में भाग लेने के लिए फिल्मों की अंतिम सबमिशन तिथि 15 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। देश-विदेश के फिल्ममेकर फेस्टिवल की आधिकारिक सबमिशन साइट के माध्यम से अपनी फिल्मों की प्रविष्टि भेज सकते हैं।

फेस्टिवल के फाउंडर एवं डायरेक्टर सूरज तिवारी ने बताया कि पूर्व वर्षों की तरह इस बार भी आयोजन तीन दिनों का होगा। पहले दिन उद्घाटन समारोह के बाद ओपनिंग फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा। दूसरे दिन सुबह से विभिन्न श्रेणियों की फिल्मों की स्क्रीनिंग होगी। इसी दौरान विशेष पैनल डिस्कशन का आयोजन भी किया जाएगा।

तीसरे दिन फिल्मों की स्क्रीनिंग के साथ विशेष टॉक शो आयोजित होगा। इसके बाद शाम को अवॉर्ड्स नाइट का आयोजन किया जाएगा। इसमें फिल्ममेकर्स को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में बॉलीवुड संध्या भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।

सूरज तिवारी ने कहा कि फेस्टिवल का उद्देश्य आगरा को अंतरराष्ट्रीय सिनेमा से जोड़ना और शहर के दर्शकों, फिल्ममेकर्स, कलाकारों तथा सिनेमा से जुड़े लोगों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है। फिल्म फेस्टिवल के माध्यम से अलग-अलग देशों की संस्कृतियों, विचारों और कहानियों को सिनेमा के जरिए आगरा के दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

फेस्टिवल के पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में प्रोड्यूसर रंजीत सामा, अदिति कात्यायनी (सृजन संस्था), अनीता गौतम (शिक्षिका), वाणी श्रीवास्तव (समाज सेविका) एवं फेस्टिवल फाउंडर-डायरेक्टर सूरज तिवारी मौजूद रहे।

फिल्म सबमिशन की अंतिम तिथि: 15 अक्टूबर 2026