मलिन बस्तियों की बदहाली पर कांग्रेस करेगी नगर निगम का घेराव



नम्रता दान ने दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र की बस्तियों का किया दौरा, सुनीं महिलाओं की समस्याएं

हिन्दुस्तान वार्ता।ब्यूरो

आगरा। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव नम्रता दान ने शनिवार को दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र की मलिन बस्तियों का दौरा कर महिलाओं से उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान महिलाओं ने क्षेत्र में लंबे समय से सफाई न होने, टूटी सड़कों, जगह-जगह कूड़े के ढेर और बदहाल शौचालयों की समस्या बताई।

महिलाओं ने कहा कि गंदगी और दुर्गंध के कारण बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने क्षेत्रीय पार्षद और विधायक पर समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया।

नम्रता दान ने कहा कि आगरा दुनिया में मोहब्बत की नगरी के नाम से जाना जाता है, लेकिन भाजपा शासन में शहर की मलिन बस्तियों की स्थिति बेहद खराब है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन बस्तियों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। सड़कों पर गंदगी और कूड़ा फैला है, जबकि नगर निगम और प्रशासन का इस ओर ध्यान नहीं है। उन्होंने शौचालयों में तैनात कर्मचारियों पर भी दायित्व का निर्वहन न करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि मलिन बस्तियों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस जल्द ही नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन करेगी और जिम्मेदार अधिकारियों से सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग करेगी।

इस दौरान पूर्व महानगर अध्यक्ष अश्वनी जैन, अदनान कुरैशी, जगदीश जाटव, पारुल शर्मा, रमेश पहलवान, विकास, पारस कुमार, धर्मेंद्र शर्मा, राहुल शर्मा, अनिल कुमार, विमल शर्मा, कपिल, पिंटू, सपना, नरेंद्र कुमार, शिव सिंह, रविंद्र, मनोज, दीपक सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।