हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
कोलकाता, 14 सितंबर। गणेश चतुर्थी के अवसर पर समाजसेवी एवं भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा दावेदार कुलदीप माइती की ओर से कोलकाता में भव्य गणेश पूजा का आयोजन किया गया। पूजा पंडाल में भगवान गणेश की आकर्षक प्रतिमा स्थापित की गई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना के बाद दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
आयोजन में भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी शिरकत की और भगवान गणेश के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। नेताओं ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे सामाजिक एकजुटता और जनसंपर्क का माध्यम बताया।
इस अवसर पर कुलदीप माइती ने कहा कि गणपति बप्पा विघ्नहर्ता हैं और उनका आशीर्वाद सभी पर बना रहे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने का प्रयास भी है। सभी वर्गों को साथ लेकर कोलकाता और बंगाल को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने की दिशा में प्रयास किए जाने चाहिए।
भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच आपसी सद्भाव और जुड़ाव मजबूत होता है। उन्होंने कुलदीप माइती द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में महाआरती और प्रसाद वितरण हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इसमें भाग लिया। इस दौरान पूरा क्षेत्र ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गूंज उठा।
रिपोर्ट : शिव कुमार राजपूत

