मायावती का आजाद समाज पार्टी सांसद चंद्रशेखर पर हमला,बोलीं ! ईवीएम में धांधली कराकर से नगीना चुनाव जिताया
हिन्दुस्तान वार्ता।ब्यूरो
लखनऊ। बसपा प्रमुख मायावती ने सोमवार को आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद पर निशाना साधते हुए ईवीएम की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए। मायावती ने दावा किया कि नगीना में चंद्रशेखर का कोई खास जनाधार नहीं था, इसके बावजूद उन्हें ईवीएम में धांधली कर चुनाव जिताया गया। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में चंद्रशेखर को नगीना सीट पर 5,12,552 वोट मिले थे और वे 1,51,473 वोटों से जीते थे।
मायावती ने कहा कि बसपा शुरू से ही ईवीएम के इस्तेमाल का विरोध करती रही है और बैलेट पेपर से मतदान की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट का रुख भी कर चुकी है। उन्होंने चुनाव आयोग से कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव को लेकर मतदाताओं के मन में किसी तरह का संदेह नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा इलेक्ट्रॉनिक मशीन को दूर से भी हैक और कंट्रोल किया जा सकता है। इसलिए पारदर्शिता के लिए ईवीएम से वोटिंग बंद हो जाना चाहिए।
बसपा प्रमुख ने कहा कि संविधान ने प्रत्येक नागरिक को मतदान का अधिकार दिया है। मतदाता को भरोसा होना चाहिए कि उसका वोट उसी उम्मीदवार या पार्टी के पक्ष में गिना गया है, जिसे उसने दिया है। उन्होंने चेताया कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर संदेह बढ़ा तो लोकतंत्र में लोगों का विश्वास कमजोर होगा।
मायावती ने कहा कि देश में करीब पांच दशक तक बैलेट पेपर से चुनाव हुए। उन्होंने यह भी दावा किया कि विपक्ष में रहते भाजपा ने भी ईवीएम की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए थे।
रिपोर्ट : मनमोहन जी

