हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
नई दिल्ली। राष्ट्रीय हिंदी दिवस की पूर्व संध्या पर शाहदरा के ज्योतिनगर में जसाला फाउंडेशन की ओर से साहित्य, काव्य एवं कला के ‘त्रिवेणी समारोह’ का आयोजन किया गया। समारोह में गाजियाबाद के वरिष्ठ पत्रकार डॉ.जितेन्द्र बच्चन को उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए ‘राष्ट्रीय गौरव’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
सम्मान के बाद डॉ. जितेन्द्र बच्चन ने कहा कि यह पुरस्कार उनके अतीत और वर्तमान के कार्यों का सम्मान है। साथ ही यह उन्हें पत्रकारिता के माध्यम से देश के लिए और बेहतर कार्य करने की जिम्मेदारी भी देता है, जिससे नई पीढ़ी के पत्रकार प्रेरित और प्रोत्साहित हो सकें।
समारोह के मुख्य अतिथि डॉ.जितेन्द्र बच्चन ने अलग-अलग विधाओं में 10 विश्व कीर्तिमान स्थापित करने वाले सुरेश पाल वर्मा ‘जसाला’ की पुस्तकों का लोकार्पण किया। साथ ही उनकी रस्सी चित्रकला की दो दिवसीय प्रदर्शनी का दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। उन्होंने जसाला के साहित्य, काव्य और चित्रकला के परस्पर जुड़ाव की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन भाषाई और सांस्कृतिक विविधता को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. जय सिंह आर्य ने की। अतिथि के रूप में ओमप्रकाश प्रजापति, डॉ. सुरेंद्र वर्मा, डॉ. बृजपाल सिंह संत, प्रीतम सिंह ‘प्रीतम’ और राजेंद्र वर्मा प्रधान मंचासीन रहे। जसाला फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने प्रमुख अतिथियों एवं विशिष्टजनों को प्रतीक चिह्न, पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं मोतियों की माला भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान सुरेश पाल वर्मा ‘जसाला’ की कई पुस्तकों तथा उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर केंद्रित ‘ट्रू मीडिया पत्रिका’ के विशेषांक का भी लोकार्पण किया गया।
समारोह में आयोजित ‘काव्य अनुगूंज’ कवि सम्मेलन ने साहित्यप्रेमियों को भाव-विभोर किया। वहीं रस्सी चित्रकला प्रदर्शनी दिल्ली-एनसीआर से पहुंचे साहित्यकारों, कला प्रेमियों और समाजसेवियों के आकर्षण का केंद्र रही। मुख्य अतिथि डॉ. जितेन्द्र बच्चन ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। सामान्य रस्सी को कलात्मक अभिव्यक्ति का माध्यम बनाकर तैयार की गई कृतियों में मौलिकता, बारीक कारीगरी और कल्पनाशीलता देखने को मिली।



