भारतीय रेलवे मजदूर संघ आगरा मंडल के वार्षिक अधिवेशन में नई कार्यकारिणी गठित

 


हरि बल्लभ दीक्षित अध्यक्ष और उमाशंकर भारद्वाज मंडल मंत्री चुने गए

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। भारतीय रेलवे मजदूर संघ आगरा मंडल का वार्षिक अधिवेशन सरस्वती विद्या मंदिर, काछीपुरा में मंडल कार्यकारी अध्यक्ष हरि बल्लभ दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। अधिवेशन में संगठनात्मक गतिविधियों, रेलवे कर्मचारियों की समस्याओं और श्रमिक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के साथ आगरा मंडल की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सुनिल जी भाई साहब, विभाग कार्यवाह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मुख्य वक्ता राधाबल्लभ त्रिपाठी, संगठन मंत्री, भारतीय रेलवे मजदूर संघ तथा विशिष्ट अतिथि जोनल अध्यक्ष हेमंत विश्वकर्मा उपस्थित रहे। नवनियुक्त महामंत्री कुन्दन कुमार सिंह के पहली बार आगरा आगमन पर मंडल के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन मंडल मंत्री बंशी बदन झा ने किया।

मुख्य अतिथि सुनिल जी भाई साहब ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ सर्वधर्म समभाव और सामाजिक समरसता के भाव के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने संगठन को राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण सहभागी बताया। भारतीय मजदूर संघ उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह राणा ने कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। मंडल परामर्शदाता समिति के सदस्य राकेश अवस्थी ने श्रमिक गीत प्रस्तुत कर कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार किया।

मुख्य वक्ता राधाबल्लभ त्रिपाठी ने रेलवे कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर संगठन की मांगों को सामने रखा। उन्होंने कहा कि आठवें वेतन आयोग में माता-पिता को शामिल करते हुए चार यूनिट परिवार की गणना का सुझाव भारतीय मजदूर संघ की ओर से दिया गया है। इससे माता-पिता को चिकित्सीय सुविधाओं के साथ यात्रा पास की सुविधा मिलने का रास्ता बनेगा।

नवनियुक्त महामंत्री कुन्दन कुमार सिंह ने कहा कि पीएलबी बोनस अभी भी छठे वेतन आयोग की बेसिक के आधार पर दिया जा रहा है। इसे वर्तमान न्यूनतम बेसिक के आधार पर किए जाने की मांग की गई है। उन्होंने पीएलबी बोनस की सीलिंग लिमिट 21 हजार रुपये किए जाने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि वर्तमान जीआईएस के तहत कर्मचारियों को बीमा के रूप में मात्र 30 हजार रुपये मिल रहे हैं, जिसे बढ़ाकर कम से कम 15 लाख रुपये किए जाने की आवश्यकता है।

जोनल अध्यक्ष हेमंत कुमार विश्वकर्मा ने पदों के सरेंडर पर रोक लगाने और रिक्त पदों को शीघ्र भरने, ट्रैक मेंटेनर कर्मचारियों की पेट्रोलिंग बीट 12 किलोमीटर करने, एलडीसीई ओपन टू ऑल, रेलवे कॉलोनियों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने, रनिंग कर्मचारियों के लाइन बॉक्स एवं हैंडब्रेक की समस्या का समाधान करने तथा एसएंडटी एवं परिचालन कर्मचारियों की आठ घंटे की ड्यूटी सुनिश्चित करने सहित विभिन्न मांगें उठाईं।

वरिष्ठ एवं सेवानिवृत्त कार्यकर्ता लड्डू जी ने मैनुअल पास की सुविधा जारी रखने की मांग रखी। विभाग प्रमुख भूपेन्द्र सिंह राणा ने भारतीय मजदूर संघ के इतिहास और श्रमिक आंदोलन में संगठन की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्रवाद की भावना से ओतप्रोत कर्मचारियों का संगठन खड़ा किया गया है।

मंडल मंत्री बंशी बदन झा ने संगठन की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि संगठन के प्रयासों से आगरा में केंद्रीय विद्यालय शुरू हुआ। उन्होंने बताया कि एक ट्रेन मैनेजर की नौकरी चली गई थी, जिसे संगठन के प्रयास से पुनः नौकरी पर लाया गया।

नई कार्यकारिणी की घोषणा :

कार्यक्रम अध्यक्ष हरि बल्लभ दीक्षित ने आगरा मंडल की पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर नई कार्यकारिणी के गठन के लिए चुनाव प्रभारी निर्भय सिंह, केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की घोषणा की। चुनाव प्रभारी निर्भय सिंह ने नई कार्यकारिणी की घोषणा की।

नई कार्यकारिणी में हरि बल्लभ दीक्षित को मंडल अध्यक्ष, उमाशंकर भारद्वाज को मंडल मंत्री, उदय सिंह मीणा को कोषाध्यक्ष तथा राजेश कुमार शर्मा को संगठन मंत्री चुना गया। उपाध्यक्ष पद पर जनक सिंह, राजकुमार गौतम और कोमल सिंह चुने गए।

संयुक्त मंडल मंत्री पद पर मृदुलता, पवन शर्मा और अरविंद चौहान को जिम्मेदारी दी गई। कार्यसमिति सदस्यों में मुकेश कुदेशिया, हेमलता कला, पवन शर्मा, पुष्पेन्द्र सिंह, राहुल शर्मा, संजय बिहारिया, नितिन गोयल और शैलेन्द्र परिहार चुने गए।

अधिवेशन में प्रयागराज से केंद्रीय कोषाध्यक्ष अजय सिंह, संगठन मंत्री मोहित सिंह, मुख्यालय संगठन मंत्री बिरबल ठाकुर, झांसी से मंडल अध्यक्ष सतीश गुप्ता, मंडल मंत्री भानु प्रताप सिंह चंदेल, कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत नायक, कोषाध्यक्ष दयानिधि मिश्रा सहित राकेश मीणा, राहुल कुमार, केदर सिंह गुर्जर, राजन सिंह, मुकेश कुदेशिया, रोहित राज, अक्षित तोमर, रमन उपाध्यक्ष, चक्रधर शर्मा, ब्रजेश सिकरवार, टिकू खान, सुमन गौरव, जितेश श्रवन, शिव प्रकाश गुप्ता, नरेन्द्र सिंह चाहर और रविकांत शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।