हॉर्टिकल्चर क्लब, आगरा की भव्य प्रदर्शनी का शुभारंभ, डॉ. बी.के. बैनर्जी और डॉ. सुदीपा घोष को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा, 24 अक्टूबर। हॉर्टिकल्चर क्लब, आगरा की ओर से वर्डेंट एकर्स, आगरा में बोगेनविलिया की भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. बी.के. बैनर्जी और डॉ. सुदीपा घोष ने किया। इस अवसर पर प्रख्यात पर्यावरणविद् श्री बृज खंडेलवाल एवं प्रख्यात अर्थशास्त्री श्री वेद प्रकाश त्रिपाठी ने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में बोगेनविलिया की 18 प्रजातियों के तीन हजार से अधिक रंग-बिरंगे पौधे आकर्षण का केंद्र रहे।
कार्यक्रम के दौरान हॉर्टिकल्चर क्लब की ओर से डॉ. बी.के. बैनर्जी को फ्लोरीकल्चर (पुष्प कृषि) के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान तथा डॉ. सुदीपा घोष को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।
बोगेनविलिया की नई किस्मों की दी जानकारी :
डॉ. बी.के. बैनर्जी ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित बोगेनविलिया की विभिन्न प्रजातियों की विशेषताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि उत्परिवर्तन प्रजनन और संकरण तकनीकों के माध्यम से बोगेनविलिया की अनेक नई एवं आकर्षक किस्में विकसित की गई हैं। इनमें Pallavi Variegata, Los Banos Variegata, Mahara Variegata और Pixie Variegata प्रमुख हैं।
प्रदर्शनी के समन्वयक एवं प्रख्यात प्रकृतिविद् डॉ. मुकुल पांडेय ने बोगेनविलिया के इतिहास, इसकी विविध प्रजातियों और पर्यावरणीय महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बोगेनविलिया कम पानी में भी अच्छी तरह विकसित हो सकता है और गर्म जलवायु वाले क्षेत्रों के लिए विशेष रूप से उपयोगी है। अपनी सुंदरता के साथ-साथ इस पौधे के विभिन्न पारंपरिक औषधीय उपयोगों का भी उल्लेख किया जाता है।
शहर की हरियाली और वायु गुणवत्ता सुधारने में सहायक :
रिवर कनेक्ट कैंपेन से जुड़े पर्यावरणविद् ब्रज खंडेलवाल ने आगरा जैसे गर्म और शुष्क जलवायु वाले शहर में बोगेनविलिया के व्यापक रोपण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कम पानी में जीवित रहने और कम देखभाल में विकसित होने की क्षमता के कारण यह पौधा शहरी हरियाली बढ़ाने के लिए उपयोगी विकल्प है। उन्होंने कहा कि शहर में उपयुक्त पौधों का व्यापक रोपण पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्रों के विस्तार और शहर की सुंदरता बढ़ाने में सहायक हो सकता है।
प्रदर्शनी में उपस्थित अतिथियों ने बोगेनविलिया की विभिन्न किस्मों और रंग-बिरंगे पौधों की सराहना की। प्रदर्शनी के माध्यम से पुष्प कृषि, पौधों की विविधता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
वार्षिक बोगेनविलिया प्रतियोगिता के विजेता सम्मानित :
हॉर्टिकल्चर क्लब,आगरा की वार्षिक बोगेनविलिया प्रतियोगिता में श्रीमती कंचन आहूजा ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। श्रीमती वीना सचदेवा और श्रीमती अनीता गुजराल को संयुक्त रूप से द्वितीय पुरस्कार तथा श्री राम कुमार अग्रवाल को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में हॉर्टिकल्चर क्लब की अध्यक्ष श्रीमती लवली कठूरिया, सचिव श्रीमती डेज़ी गुजराल, कोषाध्यक्ष श्रीमती रेनू भगत, श्रीमती दीपिका त्यागी, कर्नल अपूर्व त्यागी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। प्रदर्शनी के सफल आयोजन में हॉर्टिकल्चर क्लब, आगरा के पदाधिकारियों और सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




