गौ माता के चरणों में सेवा का समर्पण,लायंस क्लब कोनरॉय ने अर्पित किया छप्पन भोग


छह कुंतल सब्जियां गौशाला में भेंट कीं, गौ पूजन कर लिया सेवा का संकल्प

 हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। लायंस क्लब कोनरॉय की ओर से वॉटर वर्क्स स्थित गौशाला में गौ सेवा के उद्देश्य से छप्पन भोग अर्पित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गौ माता के विधिवत पूजन एवं उन्हें साड़ी ओढ़ाकर किया गया। मुख्य अतिथि लायंस क्लब के द्वितीय डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अजय भार्गव ने गौ पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर क्लब के सदस्यों ने गौ सेवा के माध्यम से श्रद्धा, करुणा और समर्पण का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि अजय भार्गव ने कहा कि गौ सेवा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का अभिन्न अंग है। गौ माता की सेवा और संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार योगदान देना चाहिए। ऐसे सेवा कार्यों से समाज में करुणा, संवेदनशीलता और जीवों के प्रति प्रेम की भावना मजबूत होती है।

क्लब अध्यक्ष अनुज खंडेलवाल ने बताया कि गौ सेवा के उद्देश्य से गौशाला में छह कुंतल सब्जियां अर्पित की गईं। उन्होंने कहा कि गौ माता की सेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना और सामाजिक दायित्व का भी प्रतीक है। क्लब भविष्य में भी इसी प्रकार के सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में सेवा, सहयोग और सकारात्मकता का संदेश देता रहेगा।

कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष विशेष अग्रवाल, सचिव अंकुश बंसल, संजय गुप्ता, निकिता खंडेलवाल, निक्की बंसल, पूनम अग्रवाल, सौम्या गुप्ता, पुनीत अग्रवाल, आकाश अग्रवाल, गुंजन अग्रवाल, डॉ. पंकज, अमित गुप्ता, निकिता गुप्ता, अमित अग्रवाल, पारुल गोयल, कमल अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, नेहा वशिष्ठ, रश्मि गुप्ता, प्रशांत गर्ग और जितेंद्र सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।