आगरा : 25 अक्टूबर को जुटेंगे देशभर के क्षत्रिय संगठनों के प्रतिनिधि,‘शौर्य से संकल्प तक’ होगा वीरता एवं विजय पर्व समारोह



आरबीएस कॉलेज के राव कृष्णपाल सिंह ऑडिटोरियम में सुबह 11 बजे से होगा आयोजन,सामाजिक कुरीतियों के विरोध और शिक्षा-स्वावलंबन को बढ़ावा देने के प्रस्ताव होंगे पारित

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। क्षत्रिय सभा जिला आगरा की ओर से रविवार, 25 अक्टूबर को विजयदशमी के उपलक्ष्य में राष्ट्र स्तरीय क्षत्रिय वीरता एवं विजय पर्व समारोह ‘शौर्य से संकल्प तक’ का आयोजन किया जाएगा। आरबीएस कॉलेज, आगरा स्थित राव कृष्णपाल सिंह ऑडिटोरियम में सुबह 11 बजे से आयोजित होने वाले इस समारोह में देश के विभिन्न राज्यों और जिलों से क्षत्रिय संगठनों के 100 से अधिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रम में सामाजिक एकता, समरसता और समाजोत्थान के साथ-साथ सामाजिक कुरीतियों को दूर करने पर मंथन किया जाएगा।

समारोह से पूर्व शनिवार को वाटर वर्क्स चौराहा स्थित क्षत्रिय सेवा सदन में आयोजन समिति की ओर से आमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया। इस दौरान समाज के गणमान्य लोगों ने क्षत्रिय बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में समारोह में पहुंचकर इसे सफल बनाने की अपील की।

देशभर से जुटेंगे क्षत्रिय संगठनों के प्रतिनिधि :

क्षत्रिय सभा जिला आगरा के जिला महामंत्री गजेन्द्र सिंह परमार ने बताया कि समारोह में देश के विभिन्न राज्यों और जिला-देहातों से क्षत्रिय संगठनों के 100 से अधिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। आगरा के अलावा भरतपुर, धौलपुर, बाड़ी, बसेड़ी, रूपवास, मुरैना, मथुरा, फिरोजाबाद, हाथरस, एटा, इटावा और अलीगढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाज के लोग सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम के दौरान स्मारिका का विमोचन भी किया जाएगा।

सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ प्रस्ताव होंगे पारित :

कार्यक्रम संयोजक गौरव परमार ने बताया कि विजयदशमी के उपलक्ष्य में आयोजित इस समारोह का उद्देश्य सामाजिक एकता, समरसता और समाजोत्थान को बढ़ावा देना है। वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों पर विचार-विमर्श के साथ आपसी बैर-भाव भुलाकर प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ जीवन जीने का संदेश दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि समारोह में सामाजिक एवं राष्ट्रीय सरोकारों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। इनमें मृत्युभोज और दहेज प्रथा का विरोध, बेटियों की शिक्षा पर विशेष जोर, युवाओं को स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए व्यवसाय और स्टार्टअप को प्रोत्साहन तथा तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देना प्रमुख है। इसके अलावा प्रतिभाशाली क्षत्रिय छात्र-छात्राओं को निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जाएगा।

15 दिनों से चल रहा प्रचार-प्रसार :

क्षत्रिय सभा जिला आगरा के कोषाध्यक्ष शीलेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि समारोह को सफल बनाने के लिए पिछले 15 दिनों से सभा के पदाधिकारी शहर और गांव-देहात में व्यापक जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। समाज के लोगों को कार्यक्रम से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आयोजन को लेकर समाज के लोगों में उत्साह है।

ये रहेंगे मुख्य अतिथि :

क्षत्रिय सभा जिला आगरा के पूर्व जिलाध्यक्ष एड.विजयपाल सिंह चौहान ने बताया कि समारोह में बिहार के शिवहर संसदीय क्षेत्र के पूर्व सांसद आनंद मोहन सिंह, यूनाइटेड ग्लोबल पीस फाउंडेशन के अध्यक्ष मेघराज सिंह रॉयल, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर, श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महीपाल सिंह मकराना तथा राष्ट्रवादी जन लोक पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक शेर सिंह राणा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल रहेंगे।

आमंत्रण पत्र विमोचन में ये रहे मौजूद :

आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में संरक्षक लाखन सिंह चौहान, दिनेश सिंह सिकरवार, पू.जिला अध्यक्ष आरपी सिंह जादौन,राघवेंद्र सिंह मीनू, सुरेंद्र सिंह सिकरवार, बृजेंद्र सिंह राना, श्रीमती विदुषी सिंह, विनोद परमार, राजा चौहान, अनूप चौहान, राणा सुशील सिंह, अर्जुन सिंह भाटी, योगेश रघुवंशी, अनिल चौहान, विश्वेंद्र चौहान, हेमंत जादौन, भूपेंद्र सिंह, डॉ. आरपी सिंह, महेश पुंडीर, महेश राघव,सोनू रघुवंशी, रामखिलाड़ी सिकरवार, वीरेंद्र सिंह परमार, गजेंद्र सिंह परमार दयालबाग और अतुल चौहान सहित क्षत्रिय समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री गजेन्द्र सिंह परमार ने किया।