ढोल-नगाड़ों की गूंज, इत्र की खुशबू और मंत्रोच्चार के बीच ठाकुरजी की भव्य आरती कर किया चरण वंदन
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। श्री रामलीला महोत्सव में राज्याभिषेक महोत्सव के अवसर पर राम-जानकी परिवार के स्वागत में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। लाल किले के सामने स्थित श्री राम हनुमान मंदिर में नेमी चंद माहेश्वरी परिवार ने प्रभु श्रीराम, माता जानकी, तीनों भाइयों और हनुमानजी का पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों और इत्र की खुशबू के बीच भव्य स्वागत-सत्कार किया। परिवार ने ठाकुरजी का तिलक कर मंत्रोच्चार के साथ सामूहिक आरती उतारी और चरण वंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
माहेश्वरी परिवार पिछले लगभग 30 वर्षों से राज्याभिषेक महोत्सव पर इस परंपरा का निर्वहन करता आ रहा है। आयोजन में परिवार के सदस्यों ने पूरे श्रद्धाभाव से प्रभु के स्वरूपों का अभिनंदन किया। पुष्पवर्षा और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच वातावरण राममय हो गया।
श्याम सुंदर रामचंद्र माहेश्वरी ने बताया कि परिवार द्वारा करीब तीन दशकों से यह आयोजन निरंतर किया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रभु श्रीराम और राम-जानकी परिवार के प्रति श्रद्धा व्यक्त करना तथा इस धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाना है।
इस अवसर पर सुभाष चंद्र, मंजू माहेश्वरी, अशोक कुमार, साधना माहेश्वरी, उर्मिला माहेश्वरी, संदीपा माहेश्वरी, हर्ष माहेश्वरी और सौम्या सहित परिवार के सदस्यों ने सामूहिक आरती उतारी। रॉबिन जैन, पीयूष जैन, प्रशांत गर्ग, योगेश बंसल और नीरज मित्तल ने आयोजन की व्यवस्थाएं संभालीं।

