विजय दशमी पर शिवसैनिकों ने किया शस्त्र पूजन,हिंदुत्व और राष्ट्र सेवा का लिया संकल्प



जिला प्रमुख वीनू लवानिया के नेतृत्व में हुआ आयोजन,शहर में सेवा और स्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रम भी किए

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा, 20 अक्टूबर। विजय दशमी के पावन पर्व पर शिवसेना के पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत सैकड़ों शिवसैनिक सुबह से ही शिवसेना मुख्यालय पर एकत्रित हुए। इस अवसर पर मुख्यालय को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। जिला प्रमुख वीनू लवानिया ने तिलक लगाकर, रोली बांधकर और पुष्प अर्पित कर शस्त्र पूजन किया। इसके बाद शिव सैनिकों ने फरसा, तलवार, बंदूक सहित अन्य शस्त्रों पर तिलक लगाकर विधि-विधान से पूजन किया।

शस्त्र पूजन के उपरांत सभी शिवसैनिकों ने हिंदुत्व की रक्षा, राष्ट्र सेवा और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। इस दौरान ‘जय भवानी, जय शिवाजी’ के जोरदार नारों से वातावरण गूंज उठा। विजयादशमी के अवसर पर शिवसैनिकों ने शहर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा और स्वास्थ्य से जुड़े कार्य भी किए।

इस अवसर पर जिला प्रमुख वीनू लवानिया ने कहा कि विजयादशमी बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है। शिवसैनिक प्रत्येक वर्ष इस पर्व को सत्य की विजय के संकल्प के साथ मनाते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में देश के भीतर अराजकता का माहौल बनाने तथा हिंदुत्व की छवि को धूमिल करने वाली गतिविधियां चिंताजनक हैं। शिवसैनिक ऐसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेंगे और हिंदुत्व, राष्ट्र तथा समाज की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।

ये रहे उपस्थित :

कार्यक्रम में जिला प्रमुख वीनू लवानिया, उप प्रमुख विनायक माने, राकेश सचेवा, जिला सचिव बोडरे, रिंकू गोला, महानगर सचिव अरुण कुमार, रश्मि वर्मा, सुरेश प्रजापति, जिला महासचिव मोहन बाबू, तिलक सिंह कुशवाहा, सेठ लच्छी राम, पिंटू मौहोर, विष्णु, सुमित, कुनाल खटिक, रीतिक, पूनम शर्मा, राखी निगम और उर्वेशी शर्मा सहित अन्य शिवसैनिक प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।