केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय सहित जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति, वृद्धजनों एवं समाजसेवियों का हुआ सम्मान
हिन्दुस्तान वार्ता।ब्यूरो
आगरा। दशहरा मेला स्वागत समिति, बाग मुजफ्फर खां द्वारा आयोजित 45वें दशहरा महोत्सव का मंगलवार को भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर भगवान श्रीराम एवं लक्ष्मण की भव्य शोभायात्रा, सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रम, वृद्धजन सम्मान समारोह और समाजसेवियों का सम्मान आकर्षण का केंद्र रहे। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। महोत्सव का समापन भव्य आतिशबाजी के बीच रावण दहन के साथ हुआ।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधायक विजय शिवहरे, महापौर हेमलता दिवाकर, क्षेत्रीय मंत्री डॉ. बीना लवानिया, तपन ग्रुप के चेयरमैन सुरेश चंद्र गर्ग तथा रोमसंस ग्रुप के डायरेक्टर विकास खन्ना उपस्थित रहे।
शोभायात्रा का जगह-जगह हुआ स्वागत :
शोभायात्रा संयोजक पं. मुकेश शर्मा एवं सह संयोजक राहुल शर्मा के नेतृत्व में भगवान श्रीराम और लक्ष्मण की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के मार्ग में क्षेत्रीय निवासियों ने जगह-जगह आरती उतारकर और पुष्पवर्षा कर भगवान के स्वरूपों का स्वागत किया। श्रद्धालुओं में दर्शन के लिए विशेष उत्साह दिखाई दिया। धार्मिक जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
वृद्धजनों और समाजसेवियों का सम्मान :
महोत्सव के अंतर्गत एडवोकेट पंकज त्यागी द्वारा वृद्धजन सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें बुजुर्गों के प्रति सम्मान और उनके सामाजिक योगदान को रेखांकित किया गया। वहीं, समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले डॉ. अतुल कुलश्रेष्ठ, महंत कपिल नागर, लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता तथा वरिष्ठ रंगकर्मी अनिल जैन को सम्मानित किया गया। स्वागताध्यक्ष रमन गुप्ता एवं सह मीडिया प्रभारी संस्कार गुप्ता ने सम्मान प्रदान किया।
प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मिले पुरस्कार :
महोत्सव के दौरान आयोजित मेहंदी एवं रंगोली प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए। सांस्कृतिक और रंगारंग प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह एवं उमंग भर दिया। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने कार्यक्रमों का आनंद लिया। अंत में भव्य आतिशबाजी के बीच रावण दहन किया गया, जिसके साथ ही 45वें दशहरा महोत्सव का विधिवत समापन हो गया।
ये रहे उपस्थित :
कार्यक्रम में मेले के मुख्य संरक्षक हेमेन्द्र कुलश्रेष्ठ, मेला संयोजक जुगल चतुर्वेदी, अध्यक्ष राजीव कांत लवानिया, स्वागताध्यक्ष रमन गुप्ता, महामंत्री विनय जैन, संरक्षक पं. ओम शर्मा, मेला प्रभारी विनय शर्मा, सह मीडिया प्रभारी संस्कार गुप्ता, मीडिया प्रभारी मोहित चतुर्वेदी, मुकुल कुलश्रेष्ठ, भगवानदास कुशवाहा, मनीष गर्ग, कपिल नागर, प्रदीप सिंघल, श्याम सुंदर शर्मा, जसवंत सिंह बघेल, राकेश बघेल, दिनेश वर्मा, तरुणा अग्रवाल, सीमा यादव, सपना चतुर्वेदी, मंत्री सौरभ गुप्ता, सहमंत्री सुमित चतुर्वेदी, अखिल अग्रवाल, विनोद गुप्ता, राजीव गुप्ता, विशाल तोमर, आशीष लवानिया, निखिल कुलश्रेष्ठ, केशव अग्रवाल, हिमांशु वर्मा, लाल बघेल, सागर कुशवाहा, पूजा अग्रवाल, प्रतिभा लवानिया, पारुल बघेल, सचिन सेठ, पिंटू सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


