ब्रह्म मुहूर्त में प्रभु श्रीराम-माता जानकी का हुआ स्वागत, कौशल्या ने उतारी आरती; चावल का कलश गिराकर माता सीता ने किया गृह प्रवेश
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। जनकपुरी महोत्सव से विदाई के बाद शनिवार को ब्रह्म मुहूर्त में प्रभु श्रीराम और माता जानकी सहित चारों भाइयों के स्वरूप रामनगर कॉलोनी स्थित राजा दशरथ के स्वरूप संजय सिंघल के निवास पर पहुंचे। सिया-राम के आगमन से पूरा घर मंगल गीतों, भक्ति और उल्लास से गूंज उठा। ऐसा प्रतीत हो रहा था, मानो वर्षों के वनवास के बाद प्रभु श्रीराम अयोध्या लौटे हों और जनकनंदिनी माता सीता अपने नए घर की देहरी पर कदम रख रही हों। मां कौशल्या के स्वरूप नीता सिंघल ने आरती उतारकर प्रभु श्रीराम और माता जानकी का स्वागत किया तथा उनकी नजर उतारकर गृह प्रवेश कराया।
चावल का कलश गिराकर माता जानकी ने किया गृह प्रवेश :
घर की देहरी को मंगल कलश, रंगोली और शुभ चिह्नों से सजाया गया था। पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच माता जानकी ने अपने चरणों से चावल का कलश गिराकर गृह प्रवेश किया। इस भावपूर्ण दृश्य ने श्रद्धालुओं को त्रेतायुग की याद दिला दी। भाभी निमिषा सिंघल और बहन आयुषी गर्ग ने सभी स्वरूपों के चरण पखारकर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद चुनरी की छांव में माता जानकी का गृह प्रवेश कराया गया। परिवार की महिलाओं ने मंगल गीतों और पारंपरिक रस्मों के माध्यम से घर में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
गोद भराई में भेंट किए उपहार, चुनरी ओढ़ाकर दिया आशीर्वाद :
माता जानकी को चुनरी ओढ़ाकर उपहार भेंट किए गए। गोद भराई की रस्म के दौरान परिवार की महिलाओं ने उन्हें विभिन्न उपहार प्रदान किए और सुखमय जीवन के लिए मंगलकामनाएं कीं। राजा दशरथ के स्वरूप संजय सिंघल, भ्राता रजत सिंघल और जीजाजी कृष्णा गर्ग ने मंदिर में शगुन के लिफाफे और नारियल अर्पित करने के लिए स्वरूपों को भेंट किए। प्रत्येक रस्म में पारिवारिक स्नेह, श्रद्धा और भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली।
बच्चों ने पत्र लिखकर प्रभु श्रीराम के प्रति जताई भक्ति :
प्रभु श्रीराम और माता जानकी के आगमन को लेकर घर के बच्चों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। अनिका और क्रियांशु ने अपनी भावनाओं को पत्रों के माध्यम से व्यक्त कर स्वरूपों को भेंट किया। बच्चों की निश्छल भक्ति और प्रेम ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। परिवार के सदस्यों ने भी पूरे श्रद्धाभाव के साथ स्वरूपों का अभिनंदन किया।
आरती और भोग के बाद अगले कार्यक्रम के लिए हुए रवाना :
गृह प्रवेश की रस्मों के उपरांत स्वरूपों को दूध प्रदान कर विश्राम कराया गया। इसके बाद आरती और भोग की रस्म संपन्न हुई। पूरा वातावरण भक्ति और भावनाओं से सराबोर रहा। पारिवारिक परंपराओं के निर्वहन के साथ प्रभु श्रीराम और माता जानकी के स्वागत का यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए यादगार बन गया। इसके बाद सभी स्वरूप आगामी रामलीला कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए।
महापौर सहित अनेक गणमान्य लोग रहे उपस्थित :
इस अवसर पर महापौर हेमलता दिवाकर, प्र.समाज सेवी पूरन डावर, बीना लवानिया, अशोक चौबे, मनमोहन निरंकारी, श्री रामलीला कमेटी के महामंत्री राजीव अग्रवाल, मुकेश जौहरी, विनोद जौहरी, अजय अग्रवाल, राहुल गौतम, दिलीप अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, प्रसून मंगल, राकेश जैन, विष्णु दयाल बंसल, अनुज अग्रवाल, प्रकाश चंद, अशोक अग्रवाल, विकास अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, ऋषि अग्रवाल और राम अभिषेक शर्मा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

