मुख्य निर्वाचन आयुक्त के पैतृक आवास पर धार्मिक आयोजन,बुजुर्ग माता-पिता की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए की प्रार्थना
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विजयनगर कॉलोनी स्थित पैतृक आवास पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के बाद मंगलवार को अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा के तत्वावधान में सकल वैश्य समाज और क्षेत्रीय नागरिकों ने मंगल कलश यात्रा निकालकर सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगाजल से आवास का शुद्धिकरण किया गया। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं और क्षेत्रीय नागरिकों ने भाग लिया। श्रद्धालुओं ने ज्ञानेश कुमार के माता-पिता डॉ. सुबोध गुप्ता और श्रीमती सत्यवती गुप्ता के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर दो बजे विजयनगर कॉलोनी स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर से हुआ। महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यात्रा निकाली। यात्रा डॉ. सुबोध गुप्ता के आवास पर पहुंचकर संपन्न हुई। इसके बाद कलशों में लाए गए गंगाजल का वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और घंटे-घड़ियाल की ध्वनि के बीच आवास परिसर में छिड़काव किया गया।
दोपहर तीन बजे रामनिवास गुप्ता के निर्देशन में संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ। इसमें श्रद्धालुओं ने परिवार के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। रामनिवास गुप्ता ने कहा कि सुंदरकांड में गृहस्थ जीवन को सुखमय और आनंदमय बनाने के अनेक सूत्र निहित हैं। यदि मनुष्य इन शिक्षाओं को अपने व्यावहारिक जीवन में अपनाए, तो उसका जीवन कल्याणकारी बन सकता है।
देश सेवा और सत्य के मार्ग पर है परिवार : डॉ.सुबोध गुप्ता
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पिता डॉ. सुबोध गुप्ता और माता श्रीमती सत्यवती गुप्ता ने कहा कि करीब छह दिन पहले कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दलों से जुड़े लोगों ने उनके आवास पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया था। उनके अनुसार, इस दौरान उन्हें धमकियां भी दी गईं और हाथ-पैर तोड़ने की बात कही गई। इस घटनाक्रम से परिवार आहत हुआ है।
डॉ. सुबोध गुप्ता ने अपने पुत्र ज्ञानेश कुमार का समर्थन करते हुए कहा कि उनका पूरा परिवार देश सेवा के लिए समर्पित है और सत्य के मार्ग पर चलता है। उन्होंने कहा कि चुनाव में जीत मिलने पर विपक्ष सवाल नहीं उठाता, लेकिन हारने या अन्य परिस्थितियों में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) जैसी प्रक्रियाओं पर सवाल खड़े किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया नियमानुसार और संबंधित लोगों के सहयोग से पूरी की जाती है।
धार्मिक आयोजन से जताया विरोध : उपमा गुप्ता
कार्यक्रम संयोजक श्रीमती उपमा गुप्ता ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त के पैतृक आवास पर हुए विरोध प्रदर्शन से परिवार के बुजुर्ग माता-पिता काफी आहत हुए हैं। लगभग 90 वर्ष की आयु के माता-पिता के प्रति संवेदना व्यक्त करने और उनके स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना के लिए महिलाओं ने सनातन परंपरा के अनुसार मंगल कलश यात्रा निकाली और सुंदरकांड पाठ कराया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के उग्र प्रदर्शन का जवाब धार्मिक आयोजन के माध्यम से दिया गया है। महिलाओं ने गंगाजल का छिड़काव कर आवास का शुद्धिकरण किया और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की सफलता, राष्ट्रसेवा तथा परिवार की सुख-समृद्धि के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
ये रहे मौजूद :
कार्यक्रम में अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश मामा, विनोद गुप्ता सर्राफ 'गुरुजी', शंकर गुप्ता, महासभा के मंडल अध्यक्ष विमल गुप्ता, कार्यक्रम संयोजक उपमा गुप्ता, संजय गुप्ता सीमेंट, बाबू रोशन लाल गुप्ता सर्राफ, मुकेश इलेक्ट्रिक, सुरेंद्र गुप्ता, वीरेंद्र गुप्ता, विनय गुप्ता, ज्ञान प्रकाश गुप्ता, पूर्व चेंबर अध्यक्ष अतुल गुप्ता, नीरा गुप्ता, निशा गुप्ता, राकेश कौन्ट्रेक्टर, ध्रुव कुमार आचार्य, दिनेश गुप्ता, ललतेश गुप्ता, कुमकुम गुप्ता, आशा गुप्ता, उमा गुप्ता, लक्ष्मी गुप्ता और विनोद गुप्ता सीए सहित सकल वैश्य समाज के सैकड़ों गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।




