आगरा में शास्त्रीय एवं सुगम संगीत प्रतियोगिता का शुभारंभ



मथुरा के अंतरराष्ट्रीय कलाकार डॉ. दिनेश शर्मा सहित तीन विशेषज्ञों ने निभाई निर्णायक की भूमिका, प्रतिभागियों ने बिखेरे सुरों के रंग

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। ताजनगरी आगरा में संगीत नाटक अकादमी, लखनऊ एवं संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित शास्त्रीय एवं सुगम संगीत प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न शहरों से आए प्रतिभागियों ने अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन कर संगीत की विविध विधाओं में अपनी कला और साधना का परिचय दिया।

प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका मथुरा के अंतरराष्ट्रीय कलाकार डॉ. दिनेश शर्मा, लखनऊ के आनंद दीक्षित तथा विंध्याचल के ब्रह्म कुमार ने निभाई। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करते हुए उनकी गायन शैली, सुर, लय और संगीत की समझ के आधार पर प्रतिभा को परखा। आयोजन में संगीत नाटक अकादमी की कार्यक्रम अधिकारी रेनू श्रीवास्तव की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

प्रतियोगिता में शास्त्रीय एवं सुगम संगीत के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से कलाकारों ने भारतीय संगीत की समृद्ध परंपरा और विविधता को प्रस्तुत किया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य उभरती संगीत प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा शास्त्रीय एवं सुगम संगीत की विधाओं को प्रोत्साहित करना रहा।

डॉ. दिनेश शर्मा की निर्णायक के रूप में सहभागिता रही उल्लेखनीय

मथुरा के अंतरराष्ट्रीय कलाकार डॉ. दिनेश शर्मा को निर्णायक मंडल में शामिल किया जाना संगीत एवं कला के क्षेत्र में उनके अनुभव और योगदान की महत्वपूर्ण पहचान है। उनके साथ अन्य विशेषज्ञों ने भी प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का निष्पक्ष मूल्यांकन करने में अपनी भूमिका निभाई।

विभिन्न शहरों से आए कलाकारों की सहभागिता से प्रतियोगिता को व्यापक स्वरूप मिला। इस आयोजन ने प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही संगीत के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने का अवसर प्रदान किया।

रिपोर्ट : असलम सलीमी