आगरा सर्राफा एसोसिएशन के नवीन कार्यालय का शुभारंभ



सर्राफा कारोबार की समस्याओं के समाधान का केंद्र बनेगा नया कार्यालय

चांदी को जीआई टैग दिलाने और फैसिलिटी सेंटर की स्थापना पर जोर

हॉलमार्क प्रक्रिया से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए भी संगठन करेगा पहल

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। सर्राफा कारोबारियों की समस्याओं के समाधान, व्यापारिक हितों की रक्षा और संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में आगरा सराफा एसोसिएशन (रजि.) ने नई पहल की है। नमक की मंडी स्थित सांवरिया मार्केट की चौथी मंजिल पर एसोसिएशन के नवीन कार्यालय का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आमसभा का आयोजन भी हुआ, जिसमें चांदी के कारोबार को जीआई टैग दिलाने, फैसिलिटी सेंटर की स्थापना और हॉलमार्क प्रक्रिया से जुड़ी समस्याओं के समाधान सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में एमएलसी विजय शिवहरे ने नवीन कार्यालय का उद्घाटन किया, जबकि मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

व्यापारियों की समस्याओं के समाधान का बनेगा मंच 

एसोसिएशन के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने कहा कि नवीन कार्यालय खोलने का मुख्य उद्देश्य सराफा कारोबारियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए एक स्थायी मंच उपलब्ध कराना है। संगठन का प्रयास है कि यह कार्यालय व्यापारियों की समस्याओं के निस्तारण, आपसी समन्वय और कारोबारी हितों की पैरवी का प्रमुख केंद्र बने। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन व्यापारियों की आवाज को प्रभावी ढंग से संबंधित विभागों और अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

चांदी को जीआई टैग दिलाने की दिशा में प्रयास

नितेश अग्रवाल ने बताया कि आगरा सर्राफा एसोसिएशन चांदी के कारोबार को जीआई टैग की प्रक्रिया में शामिल कराने के लिए प्रयासरत है। इससे आगरा के चांदी कारोबार को विशिष्ट पहचान दिलाने और उसकी प्रतिष्ठा को आगे बढ़ाने की दिशा में काम किया जा सकेगा। इसके साथ ही व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए फैसिलिटी सेंटर की स्थापना भी संगठन के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है।

उन्होंने कहा कि हॉलमार्क प्रक्रिया से जुड़ी समस्याओं के समाधान और व्यापारियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए भी प्रभावी पहल की जाएगी। संगठन का उद्देश्य है कि हॉलमार्क संबंधी प्रक्रियाएं अधिक सुगम हों और कारोबारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

व्यापारियों की एकजुटता ही सबसे बड़ी ताकत 

एमएलसी विजय शिवहरे ने कहा कि सर्राफा कारोबार आगरा की व्यापारिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए संगठित प्रयास आवश्यक हैं। एसोसिएशन का नया कार्यालय व्यापारियों को एक मंच पर लाने और उनकी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि व्यापारियों की एकजुटता ही किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत होती है। सराफा कारोबारियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए स्थायी कार्यालय उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। संगठन को व्यापारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाकर उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करने चाहिए।

ये रहे मौजूद 

कार्यक्रम में आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल, नेशनल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मनोज बंसल, अंबा प्रसाद गर्ग, विनय मित्तल, दुष्यंत गर्ग, सराफा एसोसिएशन के संरक्षक सुधीर गुप्ता, महामंत्री अशोक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष प्यारेलाल खंडेलवाल, उपाध्यक्ष विमल नयन फतेहपुरिया, कुलभूषण गुप्ता, राम भाई, मनोज शर्मा, संजय वर्मा, अशोक कुमार अग्रवाल, मयंक जैन, धीरज वर्मा, पंकज गर्ग, अंकुर गोयल, राजा वर्मा और अशोक गुप्ता सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।