रामलीला मैदान में अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह एवं दिल्ली प्रदेश शपथ ग्रहण समारोह के अवसर पर हुआ भव्य अनावरण
हिन्दुस्तान वार्ता।ब्यूरो
नई दिल्ली,10 अक्टूबर। दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और विपक्षी दलों के धरना-प्रदर्शन के बीच भारतीय इतिहास के महान सम्राट महाराजा अग्रसेन जी के जीवन पर आधारित आगामी हिंदी फिल्म ‘सूर्यवंशी अग्रसेन’ का टीजर और पोस्टर शनिवार को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में भव्य समारोह के दौरान लॉन्च किया गया। यह अनावरण अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन,महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह एवं दिल्ली प्रदेश शपथ ग्रहण समारोह के अवसर पर किया गया। कार्यक्रम में देशभर से अग्रवाल समाज के गणमान्य व्यक्तियों,उद्योगपतियों, समाजसेवियों और हजारों लोगों ने भाग लिया।
दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची संशोधन (SIR) प्रक्रिया को रोकने की मांग को लेकर विपक्षी दलों के प्रदर्शन के चलते सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों में निषेधाज्ञा लागू होने के बीच रामलीला मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों और उनके सामाजिक योगदान को याद किया गया।
महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास :
तीन बाण धारी मूवी प्रोडक्शंस के बैनर तले निर्मित फिल्म ‘सूर्यवंशी अग्रसेन’ के निर्माता राम किशन अग्रवाल हैं, जबकि फिल्म का निर्देशन सुजीत कुमार ने किया है। फिल्म महाराजा अग्रसेन जी के प्रेरणादायी जीवन, साहस, करुणा, त्याग, समानता और सामाजिक समरसता के आदर्शों पर आधारित है। इसके माध्यम से महाराजा अग्रसेन जी के विचारों और उनके समाज कल्याण संबंधी सिद्धांतों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
करणवीर बोहरा और मिलिंद गुणाजी सहित कई कलाकार आएंगे नजर :
फिल्म में टेलीविजन और बॉलीवुड के कई जाने-माने कलाकार अभिनय करते दिखाई देंगे। इनमें करणवीर बोहरा, प्राची बंसल, राजेश भाटी, फरहीन फलक और मिलिंद गुणाजी प्रमुख हैं। फिल्म को ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, भव्य सेट और प्रभावशाली प्रस्तुति के साथ तैयार किया गया है।
संस्कृति और सनातन मूल्यों को युवा पीढ़ी तक पहुंचाना लक्ष्य : राम किशन अग्रवाल
फिल्म के निर्माता राम किशन अग्रवाल ने कहा, “सूर्यवंशी अग्रसेन सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और सनातन मूल्यों को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने का एक प्रयास है। महाराजा अग्रसेन जी ने समाजवाद और आर्थिक समरसता का जो संदेश दिया, उसे आज के सिनेमा के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य है।”
ऐतिहासिक तथ्यों और भव्य सेट्स के साथ तैयार हुई फिल्म : सुजीत कुमार
फिल्म के निर्देशक सुजीत कुमार ने कहा कि फिल्म को बड़े पैमाने पर ऐतिहासिक तथ्यों और भव्य सेट्स के साथ फिल्माया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह फिल्म दर्शकों को महाराजा अग्रसेन जी के जीवन, विचारों और आदर्शों से परिचित कराने के साथ हर भारतीय को गौरवान्वित करेगी। उन्होंने बताया कि फिल्म के टीजर और पोस्टर को शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है।
फिल्म ‘सूर्यवंशी अग्रसेन’ के माध्यम से महाराजा अग्रसेन जी के जीवन-दर्शन,सामाजिक समानता, सहयोग और आर्थिक समरसता के संदेश को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने की उम्मीद जताई गई।
रिपोर्ट : शिव कुमार राजपूत


