अध्यक्ष विजय सामा बोले ! वरिष्ठों का सम्मान और मार्गदर्शन ही संगठन की मजबूती का आधार
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण अडवाणी जी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना को लेकर द आगरा शू फैक्टर्स फैडरेशन की ओर से सदरभट्टी चौराहा स्थित हरमिलापी मंदिर में हवन का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच फैडरेशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आहुतियां देकर अडवाणी जी के शीघ्र स्वस्थ रहने की प्रार्थना की। हवन के समापन पर आरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर दशहरा पर्व की शुभकामनाएं भी दी गईं।
फैडरेशन के अध्यक्ष विजय सामा ने कहा कि वर्ष 1956 में फैडरेशन की स्थापना में लालकृष्ण अडवाणी जी का विशेष योगदान रहा है। भारत विभाजन के बाद पाकिस्तान से पलायन कर भारत आए सिंधी, पंजाबी, सिख एवं खत्री समाज के लोगों को व्यवस्थित रूप से स्थापित करने और समाज को संगठित करने के उद्देश्य से नानाजी देशमुख, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी एवं लालकृष्ण अडवाणी ने फैडरेशन के संस्थापक स्वर्गीय राजकुमार सामा को बिखरे हुए मोतियों को एक माला में पिरोने का दायित्व सौंपा था।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1956 से लेकर 2026 तक फैडरेशन ने निरंतर प्रगति की है। इसके पीछे वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन, संगठन के प्रति समर्पण और आपसी एकता की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
स्थायित्व के लिए वरिष्ठों का सम्मान जरूरी :
विजय सामा ने कहा कि राजनीतिक हो या गैर-राजनीतिक संगठन, यदि वह अपने वरिष्ठों का सम्मान और उनके अनुभवों का आदर नहीं करता, तो उसका लंबे समय तक टिके रहना मुश्किल है। स्थायित्व और निरंतर प्रगति के लिए अपने बड़ों का सम्मान करना तथा उनके मार्गदर्शन में आगे बढ़ना आवश्यक है। जो लोग अपनी जड़ों को भूल जाते हैं, उनका अस्तित्व धीरे-धीरे समाप्त हो जाता है। मजबूत वृक्ष बनने के लिए जड़ों से जुड़े रहना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि फोन पर अडवाणी जी के पुत्र जयंत अडवाणी से बातचीत के दौरान उनके स्वास्थ्य की जानकारी मिली। नियमित जांच के लिए अस्पताल पहुंचे अडवाणी जी को हृदय एवं किडनी संबंधी परेशानी के कारण भर्ती कराया गया था। हालांकि, अब वे स्वस्थ होकर घर लौट आए हैं। यह जानकारी मिलने के बाद फैडरेशन के पदाधिकारियों ने राहत व्यक्त की और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
हवन कार्यक्रम में नारी भाई, प्रमोद महाजन, धर्मपाल, गोवर्धन सोनेजा, संजय अरोरा, संजय मगन, रवि भूषण, अजय महाजन, अजय कुमार, दिलप्रीत सचदेवा, मुरलीधर पंजवानी, जगदीश बत्रा, विशाल लालवानी, प्रकाश दीपक, विनोद भागवानी, भीष्म लालवानी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


