श्रीराम पार्क में दशहरा उत्सव की धूम, पारंपरिक परिधानों में सजे महिला-पुरुषों ने लिया डांडिया नाइट का आनंद
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। जयपुर हाउस स्थित श्रीराम पार्क में जयपुर हाउस युवा क्लब द्वारा आयोजित दशहरा उत्सव में डांडिया की धुन, रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधान और उल्लास से वातावरण उत्सवी रंगों में सराबोर हो गया। महिलाओं ने लहंगा-चोली और पुरुषों ने कुर्ता-पायजामा पहनकर डांडिया नाइट में उत्साहपूर्वक भाग लिया। रावण दहन से पहले आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों के लिए विभिन्न खेल व मनोरंजक प्रतियोगिताएं भी आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं, 12 फुट ऊंचे रावण के दहन के साथ पूरा परिसर जयश्रीराम और वीर बजरंगी के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ शंखनाद के साथ गणेश वंदना और मां दुर्गा की आरती से हुआ। इसमें जयपुर हाउस के निवासियों ने सामूहिक रूप से भाग लिया। डीसीपी अभिषेक अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का उद्घाटन किया। इसके बाद संगीत की धुनों पर डांडिया का रंग जमने लगा। ‘ढोली थारो ढोल बाजे’ और ‘घूंघट की आड़ से दिलबर का’ जैसे लोकप्रिय गीतों पर युवाओं ने जमकर डांडिया किया। संगीत, ताल और पारंपरिक वेशभूषा ने आयोजन को यादगार बना दिया। उत्सव के दौरान बेस्ट कपल डांस और बेस्ट ड्रेस सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। बच्चों ने झूलों का आनंद लिया।
इस अवसर पर रोहित जैन, राहुल अग्रवाल, विभोर अग्रवाल, सनी बजाज, मयंक सचदेवा, डॉ. मयंक महाजन, सौरभ गोयल, निकिता अग्रवाल, करिश्मा अग्रवाल, नेहा बजाज, डॉ. रिदिमा महाजन, सीपिका अरोरा, आशा सचदेवा, स्वाती गोयल और रिचा जैन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




