पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान के लिए आगरा में विशेष शिविर 17 नवंबर को

एयर फोर्स एसोसिएशन आगरा चैप्टर की पहल; पेंशन, स्पर्श, ईसीएचएस, चिकित्सा एवं वित्तीय मामलों में मिलेगा मार्गदर्शन

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा, 16 नवंबर। देश की रक्षा में अपना अमूल्य योगदान देने वाले पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं के समाधान की दिशा में एयर फोर्स एसोसिएशन (आगरा चैप्टर) द्वारा 17 नवंबर,मंगलवार को विशेष समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में थल सेना, नौसेना एवं वायुसेना के पूर्व सैनिकों को विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी।

यह शिविर सुबह 11 बजे कैलाश मंदिर मोड़, सिकंदरा स्थित बाईसी ब्रिगेड रेस्टोरेंट म्यूजियम बैंक्वेट हॉल एवं इंस्पिरेशन सेंटर, आगरा में आयोजित होगा। इसमें आगरा, मथुरा, एटा, हाथरस, अलीगढ़, धौलपुर, मुरैना, फिरोजाबाद सहित आसपास के क्षेत्रों के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।

पेंशन,स्पर्श और ईसीएचएस से जुड़ी समस्याओं पर मिलेगा समाधान :

शिविर में पूर्व सैनिकों की सेवा संबंधी समस्याओं,जीवन प्रमाण पत्र,पेंशन एवं अन्य वित्तीय लाभों, स्पर्श (SPARSH) पोर्टल से संबंधित मामलों, चिकित्सा सुविधाओं, ईसीएचएस, कैंटीन सुविधाओं तथा कानूनी सहायता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही वीर नारियों एवं उनके आश्रितों से जुड़े विभिन्न कल्याणकारी मामलों में भी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

शिविर का मुख्य उद्देश्य पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए उचित दिशा-निर्देश देना तथा संबंधित विभागों एवं सुविधाओं के माध्यम से उन्हें राहत दिलाने की दिशा में सार्थक पहल करना है।

एयर फोर्स एसोसिएशन (आगरा चैप्टर) के प्रमुख ग्रुप कैप्टन डॉ. कुँवर जय पाल सिंह चौहान ने पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों से शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शिविर में अपनी समस्याओं से संबंधित आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आने से समाधान की प्रक्रिया में सहायता मिलेगी।

 शिविर से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए एयर फोर्स एसोसिएशन आगरा चैप्टर के प्रमुख ग्रुप कैप्टन डॉ. कुँवर जय पाल सिंह चौहान के मोबाइल नंबर 9158180070 तथा सचिव सार्जेंट भूप सिंह के मोबाइल नंबर 9411600183 पर संपर्क किया जा सकता है।

एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि यह शिविर पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जिससे उन्हें विभिन्न समस्याओं के समाधान के साथ-साथ आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन प्राप्त हो सके।