माधुर्य संस्था ने जारी किया पोस्टर,चार नई कृतियों का होगा लोकार्पण; ‘नरक के सींग’ उपन्यास पर आधारित नाटक का होगा मंचन
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। वरिष्ठ साहित्यकार एवं शिक्षाविद् डॉ. जयसिंह नीरद के व्यक्तित्व और साहित्यिक अवदान पर केंद्रित साहित्यिक विमर्श एवं नागरिक अभिनंदन समारोह का आयोजन 29 नवंबर, रविवार को किया जाएगा। साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था माधुर्य की ओर से आयोजित यह समारोह दोपहर एक बजे से खंदारी स्थित सेठ परमचंद जैन इंस्टीट्यूट में होगा। कार्यक्रम का शीर्षक ‘डॉ. जयसिंह नीरद : एक नाम, विविध आयाम’ रखा गया है।
समारोह में देश और प्रदेश के प्रतिष्ठित साहित्यकार एवं विद्वान डॉ. नीरद के साहित्यिक व्यक्तित्व और उनकी विभिन्न कृतियों पर विचार-विमर्श करेंगे। उनके साहित्य के विविध पक्षों पर व्याख्यान भी होंगे। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण उनके चर्चित उपन्यास ‘नरक के सींग’ पर आधारित नाटक का मंचन होगा, जिसे शहर के रंगकर्मी प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा डॉ. नीरद के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर केंद्रित डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर उनकी चार नवीन कृतियों का लोकार्पण भी होगा। साहित्य के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए विभिन्न साहित्यिक संस्थाओं की ओर से उनका नागरिक अभिनंदन किया जाएगा।
कार्यक्रम की जानकारी मंगलवार को दयालबाग स्थित राजदीप एंक्लेव फेस-टू में माधुर्य संस्था के कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में दी गई। संस्था की संस्थापक अध्यक्ष निशिराज, संरक्षक डॉ. राजेंद्र मिलन, संरक्षक आदर्श नंदन गुप्ता, सचिव सुधा वर्मा, कोषाध्यक्ष राजकुमार जैन एवं दुर्गेश पांडेय ने समारोह की रूपरेखा साझा की। इस अवसर पर सभी पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से समारोह के पोस्टर का विमोचन भी किया।
इस मौके पर रचनाकार डॉ. जयसिंह नीरद, रंगकर्मी पीयूष जैन, गिरधारी लाल शर्मा, संदीप अरोड़ा और कुमार ललित सहित संस्था के कार्यकर्ता मौजूद रहे। संस्था पदाधिकारियों ने शहर के साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों, रंगकर्मियों और साहित्यप्रेमियों से समारोह में सहभागिता कर इसे सफल बनाने की अपील की।

