15 से अधिक देशों की फिल्मों की होगी निःशुल्क स्क्रीनिंग,सिनेमा के साथ रोजगार और करियर की संभावनाओं पर मंथन
ओपनिंग फिल्म‘महामहिम दीदीजी मुर्मू’ ने दर्शकों को किया भावविभोर,अंतिम दिन अभिनेत्री ममता कुलकर्णी करेंगी शिरकत
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। ताजनगरी आगरा में अंतरराष्ट्रीय सिनेमा, कला और संस्कृति के उत्सव 8वें ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (GTIFF-2026) का भव्य शुभारंभ हुआ। ग्लैमर लाइव फिल्म्स एवं डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म एंड होटल मैनेजमेंट (आईटीएचएम) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय फिल्म समारोह में भारत सहित 15 से अधिक देशों की फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। खास बात यह है कि फिल्म फेस्टिवल में सभी फिल्मों की स्क्रीनिंग दर्शकों के लिए पूरी तरह निःशुल्क है। समारोह का उद्देश्य सिनेमा के माध्यम से कला, संस्कृति, सामाजिक सरोकारों और रोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा देना है।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ,अंतरराष्ट्रीय कलाकारों ने बढ़ाई समारोह की गरिमा
फिल्म फेस्टिवल का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह में फ्रांस की अभिनेत्री मरीन बोर्गो, मॉस्को की फिल्म निर्देशक अलेक्जेंड्रा, इटली की गायिका मारिया, अमेरिका की अभिनेत्री कशिश अग्निहोत्री बाजपेयी, मुंबई की प्रसिद्ध अभिनेत्री विभा रानी तथा वेनेजुएला से आए अल्फ्रेडो सहित कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कलाकारों की मौजूदगी ने समारोह की गरिमा बढ़ाई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी ने की। इस अवसर पर फेस्टिवल के संस्थापक एवं निदेशक सूरज तिवारी सहित मंचासीन अतिथियों का माला, पटका एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।
फिल्म इंडस्ट्री में रोजगार की अपार संभावनाएं : सूरज तिवारी
फेस्टिवल के संस्थापक एवं निदेशक सूरज तिवारी ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री अब केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि रोजगार और व्यवसाय का एक व्यापक क्षेत्र बन चुकी है। अभिनय, निर्देशन, लेखन, सिनेमैटोग्राफी, एडिटिंग, एनीमेशन और तकनीकी क्षेत्रों में युवाओं के लिए अपार संभावनाएं हैं। हालांकि, इन अवसरों का लाभ उठाने के लिए युवाओं को गंभीरता से अध्ययन करने, प्रशिक्षण प्राप्त करने और अपने कौशल को विकसित करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का प्रमुख उद्देश्य आगरा एवं आसपास के जनपदों के युवाओं को फिल्म इंडस्ट्री से जोड़ना, फिल्म निर्माताओं को सरकारी सहायता एवं प्रोत्साहन दिलाने की दिशा में प्रयास करना तथा आगरा में फिल्म निर्माण की संभावनाओं को विकसित करना है।
इस अवसर पर कालिंदी अकादमी के विद्यार्थियों ने रोशनी गिडवानी के निर्देशन में आकर्षक प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
विश्वविद्यालय में शुरू होंगे फिल्म विधा के रोजगारपरक पाठ्यक्रम : प्रो.आशु रानी
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं कुलपति प्रो. आशु रानी ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को व्यावहारिक एवं रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में दस दिवसीय फिल्म मेकिंग कार्यशाला आयोजित की गई थी, जिसमें विद्यार्थियों ने स्वयं एक फिल्म तैयार की है। इस फिल्म का प्रदर्शन भी फेस्टिवल के दौरान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय फिल्म निर्माण से संबंधित नए पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना बना रहा है। एनीमेशन के पाठ्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। इन प्रयासों से आगरा और आसपास के जनपदों के विद्यार्थियों को फिल्म एवं मीडिया इंडस्ट्री में करियर बनाने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
ओपनिंग फिल्म‘महामहिम दीदीजी मुर्मू’ने दर्शकों को किया भावविभोर
फिल्म फेस्टिवल के पहले दिन खचाखच भरे जेपी सभागार में ओपनिंग फीचर फिल्म ‘महामहिम दीदीजी मुर्मू’ की स्क्रीनिंग की गई। राष्ट्रपति के जीवन पर आधारित इस फिल्म को दर्शकों ने भावविभोर होकर देखा। फिल्म राजस्थान के माउंट आबू से आई थी।
फिल्म की अभिनेत्री संपदा मंडल, जो दिल्ली स्थित राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) से जुड़ी हैं, भी समारोह में उपस्थित रहीं। फिल्म के निर्देशक पम्पोज मिश्रा एवं प्रभा मिश्रा ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
फिल्म की स्क्रीनिंग में ब्रह्माकुमारीज के आगरा स्थित विभिन्न केंद्रों से बड़ी संख्या में दर्शक शामिल हुए। ब्रह्माकुमारीज की ओर से शीला दीदी, अश्विनी दीदी, कविता दीदी सहित कई विशिष्ट अतिथियों ने सहभागिता की। फिल्म प्रदर्शन के बाद दर्शकों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।
15 से अधिक देशों की फिल्मों का होगा प्रदर्शन
फेस्टिवल निदेशक सूरज तिवारी के अनुसार, इस वर्ष फ्रांस, इटली, पोलैंड, अमेरिका, जर्मनी, रूस, यूनाइटेड किंगडम, सिंगापुर, जापान, अर्जेंटीना, जिम्बाब्वे, ऑस्ट्रेलिया, ईरान और वेनेजुएला सहित 15 से अधिक देशों की फिल्मों का पंजीकरण हुआ है। भारत के विभिन्न राज्यों से भी बड़ी संख्या में फिल्में प्राप्त हुई हैं।
फेस्टिवल में फीचर फिल्म, शॉर्ट फिल्म, डॉक्यूमेंट्री, एनीमेशन फिल्म और म्यूजिक वीडियो की स्क्रीनिंग की जाएगी। चयनित फिल्मों का प्रदर्शन तीन दिनों तक विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर स्थित जेपी सभागार में होगा। ज्यूरी सदस्यों द्वारा फिल्मों का मूल्यांकन किया जाएगा तथा श्रेष्ठ फिल्मकारों, निर्माताओं एवं निर्देशकों को पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
मास्टर क्लास,कार्यशालाएं और संवाद कार्यक्रम होंगे आकर्षण
फेस्टिवल के सह-आयोजक आईटीएचएम संस्थान के निदेशक प्रो. डॉ. यू.एन. शुक्ला ने बताया कि समारोह के दौरान मास्टर टॉक शो, फिल्म कार्यशालाएं और विशेषज्ञों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों को फिल्म इंडस्ट्री के अनुभवी कलाकारों, निर्माताओं, निर्देशकों एवं तकनीशियनों से सीधे सीखने का अवसर मिलेगा।
17 नवंबर को मुंबई के प्रख्यात अभिनेता एवं अभिनय प्रशिक्षक ज्ञानप्रकाश मास्टर क्लास आयोजित करेंगे। वहीं, प्रसिद्ध अभिनेत्री विभा रानी पैनल डिस्कशन में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगी।
पहले दिन इटली से आई गायिका मारिया, वेनेजुएला से आए अल्फ्रेडो, मॉस्को की निर्देशक अलेक्जेंड्रा, अमेरिका की अभिनेत्री कशिश अग्निहोत्री बाजपेयी और फ्रांस की अभिनेत्री मरीन बोर्गो विशेष आकर्षण रहे। मुंबई की अभिनेत्री विभा रानी ने भी अपनी उपस्थिति से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
कला,साहित्य और सिनेमा जगत की हस्तियों ने की सहभागिता
उद्घाटन समारोह में कुलपति प्रो.आशु रानी, प्र.समाजसेवी पूरन डावर, आईटीएचएम निदेशक प्रो. यू.एन. शुक्ला, कुलदीप पाठक, के.एम. सिंघल, जीनत जीशान, नितिन गोयल, अनिल अग्रवाल, रेनू रावत तिवारी, राजेंद्र सचदेवा, डॉ. अरुण शर्मा, शिव प्रताप सिंह एवं रणजीत सामा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन साहित्यकार श्रुति सिन्हा ने किया। इस दौरान कविता रायजादा, डॉ. मधु भारद्वाज, वत्सला प्रभाकर,अभिनेत्री जया सिंह, अमित तिवारी, रोशनी गिडवानी सहित साहित्य, कला और सिनेमा जगत की अनेक हस्तियों ने सहभागिता की।
तीन दिवसीय ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का उद्देश्य आगरा को अंतरराष्ट्रीय सिनेमा, कला, संस्कृति और रचनात्मक रोजगार के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
निःशुल्क देख सकेंगे देश-विदेश की फिल्में :
फिल्म फेस्टिवल के दूसरे दिन 17 नवंबर को भी दर्शकों को देश-विदेश की बेहतरीन फिल्मों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। आयोजकों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में समारोह में पहुंचने की अपील की है। दर्शकों के लिए फिल्म स्क्रीनिंग के साथ चाय एवं जलपान की व्यवस्था भी निःशुल्क रखी गई है।
आयोजकों का कहना है कि यह फिल्म समारोह सिनेमा प्रेमियों, विद्यार्थियों, युवाओं और कला-संस्कृति में रुचि रखने वाले लोगों के लिए एक विशेष अवसर है, जहां वे बिना किसी टिकट शुल्क के अंतरराष्ट्रीय फिल्मों का आनंद ले सकते हैं।



