डॉ.आर.के.गोयल और डॉ.रवि सभरवाल को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी (AOS) के स्थापना दिवस समारोह में देश के प्रख्यात अस्थि रोग विशेषज्ञों ने हड्डी एवं जोड़ संबंधी जटिलताओं,चुनौतीपूर्ण फ्रैक्चर और आधुनिक उपचार तकनीकों पर गहन चर्चा की। इस अवसर पर वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. आर. के. गोयल एवं डॉ. रवि सभरवाल को चिकित्सा शिक्षा, रोगी सेवा और अस्थि रोग चिकित्सा के क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
होटल कोर्टयार्ड बाय मैरियट,आगरा में रविवार को आयोजित समारोह का मुख्य विषय ‘Complications in Orthopaedics’ रहा। इसमें लगभग 50 अस्थि रोग विशेषज्ञों ने सहभागिता की। विभिन्न संस्थानों से आए विशेषज्ञों ने जटिल फ्रैक्चर, जोड़ों की चोटों, शल्यक्रिया के दौरान आने वाली चुनौतियों और उनके प्रभावी समाधान पर अपने अनुभव साझा किए।
समारोह में दो प्रतिष्ठित स्मृति व्याख्यान विशेष आकर्षण रहे। प्रो. के. पी. श्रीवास्तव स्मृति व्याख्यान प्रख्यात अस्थि रोग विशेषज्ञ प्रो. सी. एस. यादव ने प्रस्तुत किया। एस. एन. मेडिकल कॉलेज, आगरा के पूर्व छात्र एवं प्रो. के. पी. श्रीवास्तव के शिष्य रहे प्रो. यादव ने अपने व्याख्यान में अस्थि रोग चिकित्सा के महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला।
इस वर्ष से प्रारंभ किए गए प्रो. के.के.पृथी स्मृति व्याख्यान को वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक विज ने प्रस्तुत किया। यह व्याख्यान दिवंगत प्रो. के.के.पृथी की स्मृति तथा अस्थि रोग चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को समर्पित रहा।
वैज्ञानिक सत्रों में डॉ. राजीव शर्मा, डॉ. विवेक त्रिखा, डॉ. अजीत तिवारी, डॉ. अनुप अग्रवाल, डॉ. राघवेंद्र त्रिपाठी एवं डॉ. मनोज मित्तल ने घुटने, कंधे, कोहनी, कूल्हे और टखने की जटिल चोटों सहित आधुनिक उपचार पद्धतियों पर व्याख्यान दिए। विशेषज्ञों ने कहा कि जटिल अस्थि रोगों के उपचार में समय पर सटीक निदान, उचित शल्यक्रिया तकनीक और संभावित जटिलताओं की पूर्व पहचान अत्यंत महत्वपूर्ण है। इन उपायों से उपचार की गुणवत्ता और रोगियों के स्वास्थ्य परिणामों में सुधार किया जा सकता है।
सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ.अतुल कुलश्रेष्ठ ने अतिथियों एवं सदस्यों का स्वागत किया। इस दौरान आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी के गौरवशाली इतिहास और अस्थि रोग चिकित्सा के क्षेत्र में आगरा के योगदान को भी याद किया गया।
सोसाइटी के सचिव डॉ.संजय चतुर्वेदी ने सभी आमंत्रित विशेषज्ञों, वरिष्ठ चिकित्सकों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे वैज्ञानिक आयोजन चिकित्सकों के बीच ज्ञान एवं अनुभव के आदान-प्रदान को बढ़ावा देते हैं और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में सोसाइटी के संरक्षक डॉ. हरीश चंद्र सहित अनेक वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ उपस्थित रहे। समारोह का समापन आपसी संवाद एवं सहभोज के साथ हुआ।



